नशा तस्करों की कमर तोड़ी: 26 घंटे की घेराबंदी के बाद 2 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त

– 1.85 करोड़ की संपत्ति बरामद
– उड़ीसा से राजस्थान भेजी जा रही थी करोड़ों की खेप
सक्ती। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सक्ती पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावशाली कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। लगभग 26 घंटे तक लगातार बैरिकेडिंग और सघन चेकिंग अभियान चलाने के बाद पुलिस ने उड़ीसा से राजस्थान ले जाई जा रही 208.965 किलोग्राम अवैध गांजा की खेप बरामद की है। जब्त गांजा की कीमत करीब 1 करोड़ 45 लाख रुपये आंकी गई है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त ट्रेलर समेत कुल जब्ती का मूल्य लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये बताया गया है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिलेभर में अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 17 जून को चौकी फगुरम पुलिस को सूचना मिली कि उड़ीसा से भारी मात्रा में गांजा लेकर एक ट्रेलर राजस्थान की ओर रवाना हुआ है और वह चंद्रपुर, फगुरम एवं खरसिया मार्ग से गुजरने वाला है। सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी डभरा सुमीत गुप्ता एवं थाना प्रभारी डभरा राजेश पटेल के मार्गदर्शन में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की गई।
26 घंटे तक तस्करों की तलाश, फिर जाल में फंसा ट्रेलर :-
पुलिस टीम ने लगातार 26 घंटे तक विभिन्न स्थानों पर बैरिकेड्स लगाकर निगरानी की। आखिरकार बोडासागर स्थित सागर फैमिली ढाबा के पास संदिग्ध टाटा सिगना ट्रेलर क्रमांक RJ-09-GC-5216 दिखाई दिया। पुलिस ने वाहन को रोककर जब तलाशी ली तो ट्रेलर में छिपाकर रखी गई गांजे की बड़ी खेप बरामद हुई। तलाशी के दौरान 8 प्लास्टिक बोरियों में भरे 40 पैकेट मिले, जिन्हें भूरे रंग के टेप से सीलबंद किया गया था। प्रत्येक पैकेट लगभग 5 किलोग्राम का था। कुल वजन 208.965 किलोग्राम पाया गया।
फ्लोर्सपार पाउडर की आड़ में हो रही थी करोड़ों की तस्करी :-
तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए ट्रेलर में फ्लोर्सपार पाउडर लोड कर रखा था और उसी के बीच गांजे की खेप छिपाई गई थी। हालांकि पुलिस की सतर्कता और सटीक सूचना के चलते पूरा षड्यंत्र विफल हो गया। कार्रवाई में लगभग 1 करोड़ 45 लाख रुपये मूल्य का गांजा, 40 लाख रुपये कीमत का ट्रेलर, फ्लोर्सपार पाउडर तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए गए। कुल जब्ती का मूल्य लगभग 1 करोड़ 85 लाख रुपये आंका गया है।
राजस्थान का तस्कर गिरफ्तार, नाबालिग भी पुलिस की पकड़ में :-
मामले में राजस्थान के अजमेर जिले के जेवाजा थाना क्षेत्र निवासी अर्पित सिंह (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ एक नाबालिग को भी अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के पास से गांजा परिवहन संबंधी कोई वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर थाना डभरा में अपराध क्रमांक 219/2026 दर्ज कर धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। दोनों को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
साइबर सेल और फगुरम पुलिस की संयुक्त कार्रवाई बनी सफलता की कुंजी :-
इस बड़ी कार्रवाई में चौकी फगुरम प्रभारी उप निरीक्षक अनवर अली, साइबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक सी.पी. कंवर, सहायक उप निरीक्षक हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, अश्वनी सिदार, लक्ष्मीनारायण राठौर, आरक्षक अलेक्स मिंज, नान्हीराम यादव, फारूख खान, अनिल रात्रे, दिनेश कुमार पटेल एवं अविनाश देवांगन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
——————————
जिले में नशे के कारोबार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अंतरराज्यीय तस्करों के खिलाफ की गई यह कार्रवाई न केवल जिले की सबसे बड़ी गांजा जब्ती में शामिल है, बल्कि यह भी साबित करती है कि पुलिस की सतर्कता और रणनीतिक कार्रवाई के आगे नशा तस्करों के मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं। गैर कानूनी कार्य करने वाले किसी सूरत में बख्शे नहीं जाएंगे।
प्रफुल्ल कुमार ठाकुर
एसपी, जिला : सक्ती




