आकाशीय बिजली गिरने से 11 वर्षीय छात्रा की मौत, गांव में पसरा मातम

सक्ती। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम अंडा में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 11 वर्षीय स्कूली छात्रा की दर्दनाक मौत हो गई। हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक छात्रा की पहचान दीप्ति चंद्रा (11 वर्ष), पिता मुरीत चंद्रा, निवासी ग्राम अंडा, तहसील अड़भार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में मौसम खराब होने के दौरान अचानक तेज गर्जना के साथ बिजली चमकी। इसी दौरान दीप्ति आकाशीय बिजली की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना से परिजनों में मचा कोहराम :-
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। आसपास के लोगों ने तत्काल बच्ची को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर मालखरौदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई तथा मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
विद्यालय और गांव में शोक का माहौल :-
दीप्ति चंद्रा स्थानीय विद्यालय की छात्रा थी। उसकी असमय मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्राम अंडा सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।
बारिश और आकाशीय बिजली के दौरान सावधानी बरतने की अपील :-
लगातार बदलते मौसम और आकाशीय बिजली की घटनाओं को देखते हुए लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और खेतों में जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है।




