सक्ती जिलासक्ती नगर

विश्व पर्यावरण दिवस पर वेदांता पावर की अनूठी पहल, महिलाओं और विद्यार्थियों ने चित्रकला व सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

सिंघीतराई, 9 जून। वेदांता पावर सक्ती थर्मल प्लांट की ओर से विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर चित्रकला स्पर्धा, जागरूकता कार्यक्रम एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस आयोजन में ग्राम पंचायत सिंघीतराई, ओड़ेकेरा एवं निमोही की लगभग 120 महिलाओं तथा 50 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।

‘सखी परियोजना’ से जुड़ी महिलाओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

सामुदायिक विकास कार्यक्रम की ‘सखी परियोजना’ के अंतर्गत संचालित सिलाई प्रशिक्षण एवं ब्यूटी वेलनेस कार्यक्रम में पंजीकृत महिलाओं ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित आकर्षक चित्रों की प्रदर्शनी लगाई। प्रतिभागियों की रचनात्मकता ने उपस्थित जनों का ध्यान आकर्षित किया और पर्यावरण के प्रति सकारात्मक संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने डिजिटल कला के माध्यम से रखा अपना दृष्टिकोण

युवा कौशल विकास कार्यक्रम के अंतर्गत सिंघीतराई में संचालित कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र के विद्यार्थियों ने डिजिटल माध्यम से पर्यावरण विषयक चित्र तैयार किए। उनकी कलाकृतियों में प्रकृति संरक्षण, जलवायु परिवर्तन और हरित भविष्य की झलक देखने को मिली।

‘प्रकृति से प्रेरित’ थीम पर आधारित रही प्रस्तुतियां

इस वर्ष की थीम “प्रकृति से प्रेरित : जलवायु के लिए, हमारे भविष्य के लिए” को केंद्र में रखकर प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण पर आधारित गीत, कविताएं एवं प्रहसन प्रस्तुत कर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।

प्लास्टिक मुक्त जीवन और वृक्षारोपण का दिया संदेश

जागरूकता कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं विद्यार्थियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया तथा इसके उपयोग से बचने की अपील की गई। साथ ही वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता बताई गई।

जनप्रतिनिधियों ने की आयोजन की सराहना

कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करने के लिए देवरघटा क्षेत्र की बीडीसी सदस्य काजल किरण डनसेना, सिंघीतराई की सरपंच गीता बाई सिदार, ओड़ेकेरा की पूर्व सरपंच नान कुंवर सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन की शपथ ली।

कौशल विकास कार्यक्रमों को बताया प्रेरणादायी

जनप्रतिनिधियों ने वेदांता पावर द्वारा आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे आयोजन समय की आवश्यकता हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी द्वारा संचालित कंप्यूटर, सिलाई एवं ब्यूटी वेलनेस प्रशिक्षण कार्यक्रमों से महिलाओं एवं विद्यार्थियों में आत्मविश्वास और उत्साह का संचार हुआ है। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाएं स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ रही हैं, वहीं विद्यार्थी डिजिटल तकनीकों के जरिए भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए स्वयं को तैयार कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button