सक्ती पुलिस को मिली आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन, अपराध जांच होगी और अधिक वैज्ञानिक व त्वरित

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती में 23 मई की देर शाम पंडित दीनदयाल उपाध्याय बुधवारी बाजार ग्राउंड स्थित पुलिस लाइन परिसर में जिला पुलिस बल द्वारा एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान छत्तीसगढ़ शासन के पुलिस विभाग द्वारा सक्ती जिले को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सौगात दी गई। इस पहल को जिले में आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के तकनीकी कौशल विकास मंत्री एवं सक्ती जिले के प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

वहीं जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, नगर पालिका परिषद सक्ती के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी श्रीमती भुनेश्वरी पैंकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल, आरआई उमेश राय, यातायात प्रभारी वाई.एन. शर्मा सहित जिले भर के पुलिस अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत जिला पुलिस बल सक्ती द्वारा अतिथियों के स्वागत-अभिनंदन से हुई। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने प्रभारी मंत्री सहित सभी अतिथियों को गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद उपस्थित अतिथियों ने आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मोबाइल फॉरेंसिक वैन अपराध जांच प्रक्रिया को अधिक वैज्ञानिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाएगी। उन्होंने कहा कि अब घटनास्थल पर ही साक्ष्यों का संकलन और परीक्षण संभव हो सकेगा, जिससे अपराधों के त्वरित निराकरण में मदद मिलेगी तथा जांच की सटीकता भी बढ़ेगी। उन्होंने इसे आधुनिक तकनीक आधारित पुलिसिंग व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम बताया।
मंत्री ने पुलिस अधिकारियों के साथ आधुनिक पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने एवं नागरिक सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर सकारात्मक चर्चा भी की। वहीं सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि शासन द्वारा लगातार पुलिस प्रशासन को आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे कानून व्यवस्था और जनसुरक्षा को और मजबूत किया जा सके।
कार्यक्रम में भाजपा नेता कविशरण वर्मा, अभिषेक शर्मा, पिंटू सिंघल, अरुण जोशी, राठौर जी, चिराग अग्रवाल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। आयोजन के दौरान पुलिस विभाग एवं जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय और आधुनिक तकनीकों के माध्यम से अपराध नियंत्रण को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिला।




