सक्ती जिला

पुष्प वाटिका की देखरेख की जिम्मेदारी देने की मांग, सिद्ध श्री हनुमान परिवार ने सौंपा ज्ञापन


सक्ती। सक्ती शहर की सामाजिक एवं धार्मिक संस्था सिद्ध श्री हनुमान परिवार ने नगर पालिका परिषद सक्ती के अधीन वार्ड क्रमांक 2 स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी पुष्प वाटिका की देखरेख एवं नियमित साफ-सफाई की जिम्मेदारी समिति को सौंपने की मांग की है। इस संबंध में समिति के प्रमुख नारायण प्रसाद मौर्य कोडके के नेतृत्व में 10 जून को नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल को ज्ञापन सौंपा गया।
समिति द्वारा सौंपे गए पत्र में बताया गया है कि वर्तमान में जेबीडीए स्कूल के समीप अखराभाटा वार्ड क्रमांक 2 स्थित उक्त उद्यान उचित रखरखाव के अभाव में अव्यवस्थित हो गया है तथा परिसर में गंदगी व्याप्त है। इसके कारण आसपास के नागरिकों को उद्यान की सुविधाओं का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है।
समिति ने नगर पालिका प्रशासन को आश्वस्त किया है कि यदि उद्यान की देखरेख की जिम्मेदारी उन्हें सौंपी जाती है तो जनसहयोग एवं श्रमदान के माध्यम से उद्यान में साफ-सफाई, रंग-रोगन तथा आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिससे आम नागरिकों को एक स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण उपलब्ध हो सके।
समिति के सदस्य गोवर्धन देवांगन ने बताया कि सिद्ध श्री हनुमान परिवार लंबे समय से सामाजिक एवं जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समिति द्वारा पूर्व में टेलीफोन एक्सचेंज के समीप स्थित सार्वजनिक स्थल एवं मारवाड़ी मुक्तिधाम में स्वच्छता अभियान चलाकर सकारात्मक बदलाव लाया गया है। उनका कहना है कि उद्यान के व्यवस्थित होने पर प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसका लाभ उठा सकेंगे।
धार्मिक एवं जनसेवा कार्यों में अग्रणी है सिद्ध श्री हनुमान परिवार
सिद्ध श्री हनुमान परिवार सक्ती शहर में धार्मिक, सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों के लिए विशेष पहचान रखता है। समिति द्वारा थाना चौक स्थित श्री हनुमान मंदिर में प्रत्येक मंगलवार को महाआरती का नियमित आयोजन किया जाता है। इसके अलावा जनसहयोग से स्थापित वाटर कूलर के माध्यम से वर्षभर नि:शुल्क शीतल पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
समिति द्वारा डेड बॉडी फ्रीजर सेवा का संचालन भी किया जा रहा है। वहीं शहर में जनसहयोग से खरीदे गए अग्रवाल सभा के स्वर्ग रथ (मुक्तिधाम वाहन) का संचालन भी समिति निस्वार्थ भाव से कर रही है। इसके अतिरिक्त समय-समय पर विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। हाल ही में नवरात्रि पर्व के अवसर पर समिति द्वारा मां अष्टभुजी देवी अड़भार की पैदल पदयात्रा का भी सफल आयोजन किया गया था।
समिति के सदस्यों ने नगर पालिका प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए पुष्प वाटिका की देखरेख की अनुमति प्रदान करने की मांग की है, ताकि इसे एक आदर्श सार्वजनिक उद्यान के रूप में विकसित किया जा सके। :::

Related Articles

Back to top button