सक्ती जिला

जैजेपुर के अरमान ने जेईई मेन में लहराया परचम, 97.07 पर्सेंटाइल के साथ जेईई एडवांस के लिए हुए क्वालिफाई

सक्ती। जिले के प्रतिभाशाली छात्र अरमान भारद्वाज ने देश की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई मेन 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 97.07 पर्सेंटाइल अंक हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है। इस शानदार सफलता के साथ उन्होंने जेईई एडवांस 2026 के लिए भी क्वालिफाई कर लिया है।
जैजेपुर तहसील क्षेत्र के ग्राम गाड़ामोर निवासी अरमान भारद्वाज की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। अरमान, अखिल भारतीय पंचायत परिषद जिला सक्ती के संयोजक एवं प्रभारी लक्ष्मण भारद्वाज के पुत्र हैं। राष्ट्रीय स्तर की इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उन्होंने न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे जिले को गौरवान्वित किया है।
अरमान की इस सफलता के पीछे उनकी कठिन मेहनत, अनुशासित दिनचर्या और निरंतर अध्ययन का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, लगन और सही मार्गदर्शन के बल पर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकते हैं।
वर्तमान में अरमान महाराष्ट्र के पुणे स्थित दक्षिणा फाउंडेशन के मार्गदर्शन में उच्च स्तरीय प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। यह संस्था आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि के मेधावी विद्यार्थियों को आईआईटी और मेडिकल जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं की नि:शुल्क तैयारी एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान करती है।
जेईई मेन में मिली सफलता के बाद अब अरमान की निगाहें जेईई एडवांस पर टिकी हैं। परिवारजनों, शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि अरमान की यह उपलब्धि ग्रामीण अंचल के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। सभी को विश्वास है कि वे भविष्य में भी अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर नई ऊंचाइयों को छूते हुए जिले, प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे।

Related Articles

Back to top button