सक्ती जिला

अनुनय कॉन्वेंट में उत्साह के साथ विद्यालय लौटे विद्यार्थी

सक्ती । ग्रीष्मकालीन अवकाश के पश्चात अनुनय कॉन्वेंट हायर सेकेंडरी स्कूल, सक्ती में 16 जून को ग्रीष्मावकाश पश्चात स्वागत उत्सव बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। विद्यार्थियों के स्वागत हेतु विद्यालय परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया। गुब्बारों, स्वागत संदेशों एवं रंग-बिरंगी सजावट ने पूरे परिसर को उत्सवमय बना दिया था। विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों का पुष्प एवं चंदन तिलक लगाकर आत्मीय स्वागत किया गया। लंबे अवकाश के बाद अपने मित्रों एवं शिक्षकों से मिलकर विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। नन्हे बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों तक सभी में विद्यालय वापसी को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। प्रथम दिवस पर विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व, नियमित अध्ययन, समय के सदुपयोग एवं जीवन में लक्ष्य निर्धारण की आवश्यकता के बारे में बताया गया। साथ ही नैतिक मूल्यों, अनुशासन, ईमानदारी, सम्मान एवं अच्छे संस्कारों को अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक योगेश कुमार साहू ने विद्यार्थियों से पूरे मनोयोग से अध्ययन करने, अपने सपनों को साकार करने तथा विद्यालय की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच एवं सर्वांगीण विकास के लिए प्रेरित किया। इस स्वागत उत्सव ने पूरे विद्यालय में नई ऊर्जा, उमंग और उत्साह का संचार किया।

Related Articles

Back to top button