सक्ती जिला

फर्जी SBI बैंक संचालित करने वाले गिरोह के तीन और आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर भेजे गए

सक्ती। ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक संचालित कर लोगों को नौकरी का झांसा देने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, एसबीआई क्षेत्रीय कार्यालय कोरबा के प्रतिनिधि जीवराखन कावड़े द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी कि कुछ व्यक्तियों द्वारा ग्राम छपोरा में फर्जी एसबीआई बैंक शाखा खोलकर लोगों को बैंक में नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जी नियुक्ति पत्र जारी किए जा रहे हैं। शिकायत में बताया गया था कि छह व्यक्तियों को फर्जी नियुक्ति प्रमाण पत्र देकर बैंक संचालन का दिखावा किया जा रहा था।


रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की। जांच के दौरान इस मामले में पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इनमें अनिल भास्कर, नरेन्द्र साहू, हीरा दिवाकर उर्फ कुणाल दिवाकर, टुकेश्वर दास महंत, सुभद्रा महंत तथा पंकज टंडन शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग समय पर गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।


पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर फरार आरोपियों की लगातार तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 13 जून 2026 को पुलिस ने मामले के तीन फरार आरोपियों मंथिर दास, रेखा साहू एवं मिलन साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।


इसके बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस ने बताया कि फर्जी बैंक संचालन और नौकरी दिलाने के नाम पर लोगों को ठगने वाले ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


यह कार्रवाई जिले में आर्थिक अपराधों और धोखाधड़ी के मामलों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी किसी संस्था या नौकरी संबंधी प्रस्ताव पर विश्वास करने से पहले उसकी वैधता की जांच करने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button