सक्ती जिला

सक्ती में व्यापारियों की नई पहल — हर सोमवार रहेगा साप्ताहिक अवकाश, बाजार रहा पूर्णतः बंद

सक्ती। शहर के व्यापारियों द्वारा तय किए गए निर्णय के तहत आज 3 नवंबर, सोमवार को सक्ती में पहली बार साप्ताहिक अवकाश का सफलतापूर्वक पालन किया गया। शहर के बुधवारी बाजार, हटरी चौक, अस्पताल चौक, नवधा चौक, अग्रसेन चौक, मालखरौदा बस स्टैंड, गौरव पथ मार्ग, स्टेशन रोड, कोरबा रोड, सोसायटी चौक और गोपाल टॉकीज रोड सहित प्रमुख बाजार क्षेत्रों में सभी छोटी-बड़ी दुकानें सुबह से ही स्वेच्छा से बंद रहीं।

व्यापारिक संगठनों की संयुक्त बैठक में लिए गए निर्णय के बाद व्यापारी समुदाय ने इसे “स्वस्थ परंपरा की नई शुरुआत” बताया। बंद के दौरान बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा, वहीं शहरवासियों ने भी इस पहल का स्वागत किया।

विशेष रूप से इस बंद की खास बात यह रही कि छोटी-छोटी होटल, ठेले, भोजनालय और चाय दुकान संचालकों ने भी अपनी-अपनी दुकाने बंद रखीं। कई व्यापारियों ने कहा कि “सप्ताह के सातों दिन काम करने के बाद अब सोमवार का अवकाश हमें परिवार के साथ समय बिताने और स्वयं को तरोताजा रखने का अवसर देगा।”

व्यापारी संघ के सदस्यों ने बताया कि यह निर्णय आपसी सहमति और शहर के सर्वांगीण हित में लिया गया है। आने वाले समय में इस परंपरा से व्यापारियों के साथ-साथ ग्राहकों को भी लाभ होगा, क्योंकि व्यापारी नए उत्साह और ऊर्जा के साथ अगले दिन व्यवसाय में जुट सकेंगे।

शहर में यह साप्ताहिक अवकाश व्यवस्था न केवल एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है, बल्कि इसे स्वस्थ समाज और संतुलित जीवनशैली की दिशा में प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button