भीमराव अंबेडकर के खिलाफ आपत्तिजनक पोस्ट लगाने वाला आरोपी गिरफ्तार, भावनाएं आहत होने पर भीम आर्मी अध्यक्ष की शिकायत पर कार्रवाई

मालखरौदा। सक्ती जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर के विरुद्ध आपत्तिजनक पोस्ट को व्हाट्सऐप स्टेटस पर लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पापू उर्फ सुजीत यादव (27 वर्ष), निवासी औरदा थाना मालखरौदा, को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला सक्ती थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, भीम आर्मी भारत एकता मिशन के ब्लॉक अध्यक्ष कलेश्वर जुलहा ने 28 नवंबर को থানे में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 27 नवंबर की सुबह उनके मित्र हरि पाटले ने आरोपी द्वारा व्हाट्सऐप स्टेटस पर डॉ. भीमराव अंबेडकर के संबंध में आपत्तिजनक पोस्ट देखी, जिससे समाज विशेष की भावनाएं आहत हुईं और क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल सिंह ठाकुर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हरिश यादव के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के घर दबिश दी। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वही इस पोस्ट को स्टेटस पर लगाना का जिम्मेदार है। घटना में उपयोग किया गया मोबाइल फोन भी आरोपी ने पुलिस को सौंप दिया, जिसे जप्त कर लिया गया है।
विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी पापू यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल, प्रधान आरक्षक विनोद कंवर और शब्बीर मेमन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




