ढाबे की आड़ में अवैध शराब बिक्री करते एक कारोबारी गिरफ्तार, गाय कोठा व कूलर में छिपाकर रखी थी शराब

सक्ती। कलेक्टर सक्ती के स्पष्ट निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के कुशल मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त सक्ती द्वारा अवैध शराब कारोबार के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज 30 जनवरी 2026 को आबकारी अमले ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ढाबे की आड़ में अवैध रूप से शराब बिक्री करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि चंद्र कुमार ढाबा, एनएच-49, ग्राम डोंगिया में संचालक द्वारा अवैध रूप से देशी एवं महुआ शराब ग्राहकों को विक्रय हेतु रखी गई है। सूचना की तस्दीक हेतु आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर ढाबे एवं आरोपी के निवास की विधिवत तलाशी ली।
गाय कोठा व कूलर में छिपाकर रखी थी शराब :-
तलाशी के दौरान ढाबे से लगे गाय कोठा में बने गड्ढे से 22 नग देशी प्लेन मदिरा पाव (प्रत्येक 180 मिलीलीटर) कुल 3.96 लीटर देशी प्लेन शराब बरामद की गई। वहीं, कूलर में छिपाकर रखी गई
26 नग प्लास्टिक पाउच (प्रत्येक 200 मिलीलीटर) कुल 5.20 लीटर महुआ शराब जब्त की गई।
इस प्रकार कुल 9.16 लीटर अवैध मदिरा बरामद की गई। धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज, आरोपी जेल भेजा गया आरोपी चंद्र कुमार बघेल पिता रामचरण बघेल, उम्र 37 वर्ष, निवासी ग्राम डोंगिया के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण कायम कर उसे गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई पश्चात आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर न्यायिक रिमांड पर जेल निरुद्ध किया गया है। उक्त कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी आशीष उप्पल के नेतृत्व में संपन्न हुई, जिसमें आबकारी मुख्य आरक्षक रघुनाथ पैकरा, आबकारी स्टाफ परस, बसंती एवं नगर सैनिकों का सराहनीय योगदान रहा।




