सक्ती जिलासक्ती नगर

केरीबंधा कबड्डी प्रतियोगिता के समापन पर गूंजा एकजुटता और खेल भावना का संदेश, भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव हुए शामिल

सक्ती । जिले के ग्राम केरीबंधा में आयोजित कबड्डी प्रतियोगिता का समापन समारोह खेल भावना, सामाजिक एकजुटता और ग्रामीण संस्कृति के उत्सव के रूप में भव्यता के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर भाजपा अजजा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष समीर उरांव एवं सक्ती कलेक्टर आईएएस अमृत विकास टोपनो मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि आयोजन की कमान आयोजक विद्या सिदार ने संभाली। मुख्य अतिथि समीर उरांव ने अपने विस्तृत उद्बोधन में कहा कि “गांव की संस्कृति, परंपरा और समाज की एकजुटता को जीवंत बनाए रखना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल न केवल हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, बल्कि युवाओं को नशे और भटकाव से दूर रखते हुए सकारात्मक दिशा देते हैं।” उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करते हैं। समीर उरांव ने युवाओं से खेलों को करियर के रूप में अपनाने और नियमित अभ्यास के माध्यम से राज्य व राष्ट्रीय स्तर पर सक्ती जिले का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयासरत :-

कलेक्टर आईएएस अमृत विकास टोपनो ने खिलाड़ियों और आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि “खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। कबड्डी जैसे खेलों से शारीरिक मजबूती के साथ-साथ मानसिक दृढ़ता और नेतृत्व क्षमता विकसित होती है।” उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे लाने के लिए निरंतर प्रयासरत है और भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को यथासंभव सहयोग दिया जाएगा। कलेक्टर ने खिलाड़ियों से अनुशासन, खेल भावना और निरंतर मेहनत को जीवन का मूल मंत्र बनाने की अपील की।

ग्रामीण युवाओं को एक मंच देना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना उद्देश्य :-

कार्यक्रम की आयोजक विद्या सिदार ने अपने वक्तव्य में कहा कि “इस कबड्डी प्रतियोगिता का उद्देश्य केवल खेल कराना नहीं, बल्कि ग्रामीण युवाओं को एक मंच देना, उनकी प्रतिभा को पहचान दिलाना और गांव-समाज को जोड़ना है।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र के युवाओं में खेल के प्रति जोश और जुनून देखकर आयोजन को सफल बनाने की प्रेरणा मिली। विद्या सिदार ने सभी अतिथियों, खिलाड़ियों, निर्णायकों, सहयोगियों एवं दर्शकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में इससे भी बड़े स्तर पर प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। समापन अवसर पर विजेता एवं उपविजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए गए। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और कबड्डी के रोमांचक मुकाबलों ने समापन समारोह को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button