सक्ती: हाईवे 49 स्थित अतिथि ढाबा के पास जुआ खेलते 8 जुआरी गिरफ्तार, नगदी, मोबाइल और कार सहित 5.16 लाख की सामग्री जब्त

सक्ती। सक्ती पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए नेशनल हाईवे के पास जुआ खेलते 8 लोगों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से नगदी, मोबाइल फोन और एक कार सहित कुल 5 लाख 16 हजार 300 रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 8 मार्च 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग नेशनल हाईवे रोड 49 के पास अतिथि ढाबा के पीछे पोरथा (सक्ती) में आम जगह पर ताश के पत्तों से हार-जीत का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी को अवगत कराकर पुलिस टीम ने गवाहों को साथ लेकर मौके पर घेराबंदी कर रेड कार्रवाई की।
पुलिस को देखते ही कुछ लोग मौके से भाग निकले, जबकि 8 जुआरियों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में मिथलेश साहू, प्रताप अग्रवाल, ओमप्रकाश चंद्रा, मंगलू राम साहू, भोलाशंकर , सोमेंद्र सिंह, नवीन अग्रवाल, और राजेन्द्र जायसवालशामिल हैं। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के फड़ और पास से 16,300 रुपये नगद, 8 मोबाइल फोन (लगभग 2 लाख रुपये कीमत), मारुति सुजुकी डिजायर कार क्रमांक CG 11 AM 3954 (लगभग 3 लाख रुपये कीमत), एक चटाई और 52 पत्ती ताश जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल कीमत 5,16,300 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की जांच की जा रही है। वहीं, इस कार्रवाई से क्षेत्र में जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की सख्ती का संदेश गया।




