अवैध रेत भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 40-50 ट्रिप रेत जब्त

हसौद तहसील के लालमाटी गांव में राजस्व टीम की छापामार कार्रवाई, दोषियों पर वैधानिक प्रक्रिया शुरू
सक्ती // जिले में अवैध खनिज उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगाम कसने के लिए प्रशासनिक स्तर पर लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी है। इसी कड़ी में तहसील हसौद अंतर्गत ग्राम लालमाटी में राजस्व विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अवैध रूप से संग्रहित रेत को जब्त किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व अमले को ग्राम लालमाटी में अवैध रेत भंडारण की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर मौके पर पहुंची टीम ने जांच की, जहां लगभग 40 से 50 ट्रिप (ट्रैक्टर-ट्राली) रेत का अवैध भंडारण पाया गया। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संपूर्ण रेत को कब्जे में लेकर जब्त कर लिया। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद व्यक्तियों से आवश्यक दस्तावेजों की मांग की गई, लेकिन वैध खनन अथवा परिवहन से संबंधित कोई संतोषजनक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद नियमानुसार रेत को ग्राम कोटवार के सुपुर्द किया गया तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।
राजस्व विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में खनिज संपदा के अवैध दोहन को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। विशेष रूप से रेत के अवैध उत्खनन और भंडारण पर नजर रखी जा रही है, ताकि शासन को होने वाले राजस्व नुकसान को रोका जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, परिवहन और भंडारण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण करने और संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे अपने क्षेत्र में होने वाली अवैध खनिज गतिविधियों की सूचना प्रशासन को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण सुनिश्चित हो सके।




