सक्ती में खेल प्रतिभाओं को मिलेगा नया मंच, 14 मई से शुरू होगा 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर

नंदेली भांठा मैदान में 04 जून तक चलेगा खेल महाकुंभ, विभिन्न खेल विधाओं का मिलेगा प्रशिक्षण
सक्ती, 12 मई 2026// जिले के युवा खिलाड़ियों को खेलों में निखारने और राष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार करने की दिशा में खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा बड़ा कदम उठाया जा रहा है। संचालनालय खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में 21 दिवसीय जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
14 मई से 04 जून तक चलेगा प्रशिक्षण शिविर
प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी आयोजित होने वाला यह विशेष प्रशिक्षण शिविर 14 मई 2026 से 04 जून 2026 तक नंदेली भांठा मैदान सक्ती में संचालित किया जाएगा। शिविर में जिले के जूनियर एवं सब जूनियर वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों को विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
फुटबॉल से कराटे तक मिलेगा विशेषज्ञ प्रशिक्षण
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर में फुटबॉल, वॉलीबॉल, कराटे, खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन, नेटबॉल, एथलेटिक्स सहित ओलंपिक में शामिल अन्य खेलों का नियमित अभ्यास कराया जाएगा। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कोचों के मार्गदर्शन में तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।
सुबह और शाम दोनों समय होगा अभ्यास
शिविर का आयोजन प्रतिदिन दो चरणों में किया जाएगा। सुबह 05:30 बजे से 07:30 बजे तक तथा शाम 04:30 बजे से 06:30 बजे तक खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास कराया जाएगा। विभाग द्वारा खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए अनुशासित एवं खेलमय वातावरण तैयार किया जा रहा है।
18 वर्ष से कम आयु के खिलाड़ी ले सकेंगे भाग
शिविर में केवल सक्ती जिले के वे बालक एवं बालिका खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनकी आयु 18 वर्ष से कम होगी। आयोजन का उद्देश्य जिले की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित कर उन्हें उच्च स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।
14 मई को होगा शिविर का शुभारंभ
ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन 14 मई 2026 को प्रातः 07:00 बजे से सेजेस स्कूल सक्ती में किया जाएगा। शिविर के दौरान खिलाड़ियों को नियमित खेल प्रशिक्षण के साथ खेल अनुशासन एवं फिटनेस संबंधी जानकारी भी दी जाएगी।




