इलाज कराने पहुंचे दंपती में पति रहस्यमय ढंग से लापता
कुछ दिनों बाद नाले के पास मिला शव, परिजनों ने जांच की मांग की
अरुण कुमार निराला। सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती के निजी अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे एक दंपति से जुड़ा एक रहस्यमय मामला सामने आया है। उपचार के दौरान पति के अचानक लापता हो जाने और बाद में उसका शव मिलने के बाद परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार ग्राम मसनियाकला निवासी होरीलाल भास्कर अपनी पत्नी सुखुबाई भास्कर के साथ 21 अप्रैल को इलाज के लिए सक्ती पहुंचे थे।
सुखुबाई को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जबकि होरीलाल का उपचार दूसरे अस्पताल में चल रहा था। बताया जाता है कि 22 अप्रैल की रात होरीलाल अपनी पत्नी से मिलने पहुंचे थे। कुछ समय तक बातचीत करने के बाद वे वहां से चले गए। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उनकी जानकारी नहीं मिल सकी।
गुमशुदगी दर्ज होने के बाद शुरू हुई तलाश
परिजनों द्वारा खोजबीन के बाद 27 अप्रैल को थाना सक्ती में होरीलाल भास्कर की गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामले में तलाश शुरू की। इसी दौरान हरेठी नाला के पास एक अज्ञात शव मिलने की सूचना मिली। बाद में उपलब्ध जानकारी और पहचान के आधार पर शव को होरीलाल भास्कर का बताया गया। यहां यह जानना दिलचस्प है कि यह शव पहले ही पुलिस को मिल गया था, लेकिन पुलिस ने बिना ठोस जानकारी के लाश का अंतिम संस्कार कर दिया था। बाद में जब मृतक की पत्नी को शव दिखाया गया तब उसने कपड़े से अपने पति के शव की पहचान की।
परिजनों ने जताई शंका, जांच की मांग
मृतक की पत्नी सुखुबाई भास्कर ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि पति के लापता होने से लेकर शव मिलने तक की परिस्थितियों की गहन जांच की जानी चाहिए ताकि पूरे घटनाक्रम की वास्तविकता सामने आ सके।परिजनों ने यह भी आग्रह किया है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों की निष्पक्ष पड़ताल की जाए और यदि किसी प्रकार की लापरवाही या संदिग्ध परिस्थिति सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पुलिस ने कहा, जांच जारी है
मामले को लेकर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है। जांच के दौरान सभी पहलुओं पर विचार किया जा रहा है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही होरीलाल भास्कर के लापता होने और मृत्यु से जुड़े तथ्यों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।




