सक्ती जिला

सेंदुरस गांव में डबल मर्डर से सनसनी: बंद घर में मिली पति-पत्नी की लाश, हत्या के पीछे कौन?

रात के अंधेरे में खामोश हो गई दो जिंदगियां, सुबह खुला खौफनाक राज, जांच में जुटी मालखरौदा पुलिस

मालखरौदा (सक्ती)। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र
अंतर्गत ग्राम सेंदुरस में एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है। गांव में रहने वाले वृद्ध दंपति पुरुषोत्तम खूंटे (65) और उनकी पत्नी गुहरीन बाई खूंटे (60) की संदिग्ध परिस्थितियों में निर्मम हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी बुधवार 3 जून की सुबह सामने आई, जिसके बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वारदात 2 जून की रात को अंजाम दी गई है। 3 जून की सुबह जब आसपास के लोगों को घर के भीतर कुछ अनहोनी होने की आशंका हुई तो उन्होंने मौके पर पहुंचकर देखा। अंदर का दृश्य इतना भयावह था कि लोगों के होश उड़ गए। तत्काल इसकी सूचना मालखरौदा पुलिस को दी गई।

खून से सने सवाल, जवाब तलाश रही पुलिस

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने देखा कि महिला का सिर बुरी तरह कुचला हुआ था, जबकि पुरुष का गला कटा हुआ और चेहरा पूरी तरह ढका हुआ मिला। दोनों की मौत जिस बेरहमी से हुई है, उसने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर हमलावर कौन थे? क्या हत्यारे दंपति को पहले से जानते थे? या फिर इसके पीछे कोई पुरानी रंजिश छिपी है? गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, लेकिन फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा रहा है।

रहस्य की परतें खोलने में जुटी फॉरेंसिक टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के साथ फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी मौके पर पहुंच गई है। घर और आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस हर छोटे-बड़े सुराग को खंगाल रही है, ताकि इस दोहरे हत्याकांड के पीछे छिपे सच तक पहुंचा जा सके।

घटना की जांच शुरू कर दी गई है थाना प्रभारी

मालखरौदा थाना प्रभारी प्रवीण राजपूत ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी। फॉरेंसिक विशेषज्ञों को भी बुलाया गया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। हत्या किन परिस्थितियों में और किस कारण हुई, इसका खुलासा जांच के बाद ही हो सकेगा।

गांव में दहशत, हर जुबान पर एक ही सवाल…

सेंदुरस गांव में इस दोहरे हत्याकांड के बाद भय और सन्नाटा पसरा हुआ है। जिस घर में कभी एक बुजुर्ग दंपति का शांत जीवन बीत रहा था, वहीं अब खून और रहस्य की कहानी बिखरी पड़ी है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही यह साफ होगा कि आखिर उस रात ऐसा क्या हुआ, जिसने दो जिंदगियों को हमेशा के लिए खामोश कर दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button