सक्ती जिला

सुशासन तिहार में उमड़ा जनसैलाब, ठठारी शिविर में मिले 1006 आवेदन, 401 का मौके पर निराकरण


सक्ती। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की मंशानुसार आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के उद्देश्य से संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जैजैपुर विकासखंड के ग्राम पंचायत ठठारी में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर में 19 ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों की भारी भागीदारी देखने को मिली।


क्लस्टर ठठारी अंतर्गत ठठारी, कोटेतरा, गुचकुलिया, टूठी, तुशार, दतौद, गलगलाडीह, नंदेली, आमगांव, पांडाहरदी, बेलकरी, बेलादूला, बोडसरा, कांशीगढ़, कचंदा, कलमीडीह, करौवाडीह, खुजरानी एवं अरसिया के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शिविर में विभिन्न समस्याओं एवं मांगों से संबंधित कुल 1006 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 401 आवेदनों का मौके पर ही त्वरित निराकरण कर लोगों को राहत प्रदान की गई। शेष आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु भेजा गया।


शिविर में पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पूर्ण आवास निर्माण की प्रतीकात्मक चाबी, आयुष्मान कार्ड, राशन कार्ड, मत्स्य पालन विभाग द्वारा जाल वितरण सहित विभिन्न विभागीय योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिक्षा विभाग द्वारा उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने कहा कि प्रदेश सरकार की “गांव-गांव, द्वार-द्वार सुशासन” पहल के तहत समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने

अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने बिजली, पानी, स्वास्थ्य एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
शिविर में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों ने जल संरक्षण की शपथ भी ली। साथ ही विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की योजनाओं की विस्तृत जानकारी देकर लोगों को जागरूक किया।


जनसमस्या निवारण शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुर्वेद विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया। वहीं जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘जनमन’, ‘सुशासन के नवीन आयाम’ एवं ‘विकसित भारत के बढ़ते कदम’ जैसी प्रचार सामग्री भी वितरित की गई।


शिविर में महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, उद्यानिकी, पशुधन विकास, राजस्व, खाद्य, श्रम, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, बिजली, लोक निर्माण, मत्स्य पालन सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपदी कीर्तन चंद्रा, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती जानकी सत्यनारायण चंद्रा, जनपद पंचायत जैजैपुर अध्यक्ष श्रीमती पुष्पा परदेशी खूंटे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप, तहसीलदार विद्याभूषण साव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, सरपंच, सचिव, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


सुशासन तिहार के इस शिविर ने एक बार फिर साबित किया कि प्रशासन और जनता के बीच सीधा संवाद समस्याओं के समाधान का सबसे प्रभावी माध्यम है।

Related Articles

Back to top button