सक्ती जिला

सुशासन तिहार की शिकायत पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 20 लीटर महुआ शराब, 200 किलो लाहन व 20 लीटर ताड़ी जब्त

सक्ती। जिले में अवैध शराब कारोबार पर लगाम कसने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में सुशासन तिहार 2026 के दौरान प्राप्त शिकायतों के आधार पर आबकारी वृत्त डभरा की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर छापेमार कार्रवाई करते हुए अवैध महुआ शराब, महुआ लाहन एवं ताड़ी बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।


कलेक्टर सक्ती के निर्देश एवं प्रभारी जिला आबकारी अधिकारी के मार्गदर्शन में 09 जून 2026 को आबकारी वृत्त डभरा द्वारा ग्राम मेढ़ापाली थाना डभरा में कार्रवाई की गई। जांच के दौरान मिलेराम भारद्वाज (54 वर्ष) के मकान परिसर में संचालित अवैध भट्टी से 20 लीटर महुआ शराब तथा 20 प्लास्टिक पन्नियों में भरा लगभग 200 किलोग्राम महुआ लाहन बरामद किया गया। मामले में आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।


वहीं सुशासन तिहार में प्राप्त एक अन्य शिकायत पर ग्राम राधापुर थाना चंद्रपुर में दबिश दी गई। यहां कप्पला परमेश (34 वर्ष), निवासी जिला नालगोंडा (तेलंगाना), हाल मुकाम राधापुर के कब्जे से 20 लीटर ताड़ी बरामद की गई। ताड़ी 20 प्लास्टिक पन्नियों में एक-एक लीटर की मात्रा में भरी हुई थी। आरोपी के विरुद्ध भी आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।


आबकारी विभाग ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


इस अभियान में वृत्त प्रभारी कोमल प्रसाद सिदार, आबकारी आरक्षक महेश निषाद, मुरलीधर नायक, आबकारी स्टाफ कमलेश यादव तथा नगर सैनिक अंजू सिदार की सराहनीय भूमिका रही।


कार्रवाई का सारांश
कायम प्रकरण : 02
गिरफ्तार आरोपी : 02
जब्त महुआ शराब : 20 लीटर
जब्त महुआ लाहन : 200 किलोग्राम
जब्त ताड़ी : 20 लीटर


आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button