प्री-बीएड और बीएससी नर्सिंग परीक्षा आज, सुबह 9:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

सक्ती। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा 11 जून को आयोजित होने वाली प्री-बीएड एवं बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा के लिए सक्ती जिले में कुल 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें प्री-बीएड परीक्षा के लिए 6 तथा बीएससी नर्सिंग परीक्षा के लिए 5 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा का आयोजन कलेक्टर अमृत विकास टोपनो के मार्गदर्शन एवं जिला समन्वयक डॉ. डी.पी. पाटले के निर्देशन में व्यापम की गाइडलाइन के अनुसार किया जाएगा।
परीक्षा संचालन की तैयारियों को लेकर समन्वय केंद्र शासकीय क्रांति कुमार भारतीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सक्ती में सभी केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला समन्वयक व्यापम डॉ. डी.पी. पाटले तथा सहायक समन्वयक प्रो. सोमेश कुमार घिटोड़े ने परीक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डॉ. पाटले ने बताया कि परीक्षा प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने कहा कि सभी परीक्षार्थियों को व्यापम द्वारा निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थियों को केवल हल्के रंग की हाफ शर्ट या टी-शर्ट तथा पैरों में चप्पल पहनकर आना होगा। गहरे रंग के कपड़े एवं जूते पहनकर आने पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। महिला अभ्यर्थियों के लिए भी यही नियम लागू होंगे तथा उन्हें किसी भी प्रकार के आभूषण पहनने की अनुमति नहीं होगी।
उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस या अन्य वैध मूल पहचान पत्र लाना अनिवार्य है। पहचान पत्र के बिना किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
सहायक समन्वयक प्रो. सोमेश कुमार घिटोड़े ने बताया कि व्यापम के निर्देशानुसार सभी परीक्षा केंद्रों के मुख्य प्रवेश द्वार सुबह ठीक 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी परीक्षार्थी को केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। इसलिए अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की गई है।
परीक्षा की निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक केंद्र में दो-दो पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही निगरानी के लिए उड़नदस्ता दल का भी गठन किया गया है।
व्यापम एवं जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे प्रवेश पत्र में दिए गए सभी निर्देशों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचकर परीक्षा में शामिल हों।




