14 जून को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस पर होगा विशाल रक्तदान शिविर, नागरिकों से बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील

सक्ति। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सक्ती द्वारा आगामी 14 जून 2026 को राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर एक विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह शिविर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैजैपुर में आयोजित होगा, जहां जिलेभर के नागरिकों से रक्तदान कर मानव सेवा के इस महायज्ञ में सहभागी बनने की अपील की गई है।
जिले की मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा सक्ती की सचिव डॉ. श्रीमती पूजा अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी छत्तीसगढ़ राज्य शाखा रायपुर के निर्देशानुसार तथा जिले के कलेक्टर एवं रेड क्रॉस सोसाइटी जिला शाखा के अध्यक्ष अमृत विकास टोपनो के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस मनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को नियमित रूप से रक्तदान के लिए प्रेरित करना, सुरक्षित रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा रक्त संग्रहण को सुदृढ़ बनाना है। रक्तदान न केवल किसी जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाता है, बल्कि यह समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी और मानवता का भी प्रतीक है।
डॉ. पूजा अग्रवाल ने जिले के समस्त नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं रेड क्रॉस के सम्मानित सदस्यों से आग्रह किया है कि वे अधिकाधिक संख्या में रक्तदान शिविर में पहुंचकर स्वैच्छिक रक्तदान करें और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि नागरिकों का सक्रिय सहयोग इस आयोजन को जिले में जनसेवा और सामाजिक सहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बनाएगा।
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर आयोजित यह शिविर जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित होगा तथा समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। रेड क्रॉस सोसाइटी ने सभी नागरिकों से इस पुनीत कार्य में सहभागी बनने की अपील की है।




