सक्ती जिला

सेंदुरस डबल मर्डर का खुलासा: दो आरोपी गिरफ्तार, मुक्ता दोहरे हत्याकांड की गुत्थी भी सुलझी

सक्ती। सक्ती पुलिस ने मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम सेंदुरस में हुए चर्चित पति-पत्नी दोहरे हत्याकांड का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि इन्हीं आरोपियों ने वर्ष 2024 में मुक्ता गांव में हुए एक अन्य चर्चित डबल मर्डर की वारदात को भी अंजाम दिया था। पुलिस की इस कार्रवाई से दो जघन्य हत्याकांडों की गुत्थी एक साथ सुलझ गई है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवकुमार यादव (33 वर्ष) एवं रूपचरण यादव (40 वर्ष) निवासी पंडरीपानी, थाना मालखरौदा के रूप में हुई है। वहीं लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण खरीदने के आरोप में जैजैपुर के सराफा व्यापारी बाबूलाल साहू को भी गिरफ्तार किया गया है।


गौरतलब है कि 3 जून 2026 को ग्राम सेंदुरस में पति-पत्नी पुरुषोत्तम खुंटे और गुहरिन बाई खुंटे की उनके घर में निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद घर से सोने के आभूषण, नकदी और मोबाइल फोन भी गायब पाए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल टावर डंप विश्लेषण तथा सीईआईआर पोर्टल की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या एवं लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, खून से सने कपड़े, नकदी, मोटरसाइकिल तथा लूटे गए आभूषण बरामद किए हैं।


जांच में एक और चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब आरोपियों ने जून 2024 में मुक्ता गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की। इसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों के साक्ष्यों का मिलान कर आरोपियों की भूमिका की पुष्टि की।


दो चर्चित डबल ब्लाइंड मर्डर मामलों का सफल खुलासा करने पर बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक ने पूरी जांच टीम की सराहना करते हुए नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है। इस उपलब्धि को सक्ती पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।

Related Articles

Back to top button