सक्ती जिला

कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप सील व किसान किताबें पार

पतेरापालीकला में दिनदहाड़े पटवारी हुआ शिकार

सक्ती। ग्राम पतेरापालीकला में दिनदहाड़े अज्ञात चोरों ने पटवारी की कार का शीशा तोड़कर लैपटॉप सहित महत्वपूर्ण सामान पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद नगरदा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, स्टेशनपारा सक्ती निवासी युनुस परवेज अहमद ग्राम पतेरापालीकला हल्का नंबर-03 में पटवारी के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि सुबह लगभग 7:30 बजे वह अपनी ड्यूटी के लिए कार्यालय पहुंचे थे। अपनी कार क्रमांक सीजी 11 बीएम 8844 को कार्यालय के सामने खड़ी कर वह ग्राम मोहगांव नक्शा बटांकन एवं अन्य शासकीय कार्यों के लिए चले गए थे। पटवारी ने बताया कि ग्रामसभा में शामिल होने के बाद जब वह दोपहर करीब 12:15 बजे वापस अपने कार्यालय पहुंचे तो कार का सामने का शीशा टूटा हुआ मिला। कार के अंदर रखे सामान की जांच करने पर ब्राउन रंग का लेदर बैग गायब था। चोरी हुए बैग में एचपी कंपनी का लैपटॉप, लैपटॉप चार्जर, फास्टट्रैक कंपनी की बच्चों की घड़ी, कार्यालयीन सील, छह नग किसान किताबें तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज रखे हुए थे। चोरी गए लैपटॉप की कीमत लगभग 57 हजार रुपये बताई गई है, जबकि घड़ी और अन्य सामान सहित कुल नुकसान 58 हजार 700 रुपये आंका गया है। प्रार्थी की लिखित शिकायत पर थाना नगरदा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की धारा 303(2) एवं 324(2) के तहत दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।

दिनदहाड़े चोरी से बढ़ी चिंता

पटवारी कार्यालय के सामने दिनदहाड़े हुई इस चोरी की घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शासकीय कर्मचारी के वाहन को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।

Related Articles

Back to top button