प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को मिलेगा विशेष शुल्क सहयोग, सामाजिक संगठनों ने बढ़ाया मदद का हाथ

एम.एल. जैन हायर सेकेंडरी स्कूल में मेधावी छात्रों के लिए नई पहल, 90 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वालों को 50 प्रतिशत तक शुल्क में राहत
सक्ती। नगर के प्रतिष्ठित एवं प्रथम अंग्रेजी माध्यम विद्यालय एम.एल. जैन हायर सेकेंडरी स्कूल, सक्ती में प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं के लिए नए प्रवेश सत्र में विशेष शुल्क सहयोग अभियान शुरू किया गया है। इस पहल के तहत शहर के विभिन्न सामाजिक संगठन मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा में आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कक्षा 5वीं, 8वीं एवं 10वीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनके प्राप्तांकों के आधार पर स्कूल शुल्क में विशेष छूट दी जाएगी। योजना के तहत 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शुल्क का 50 प्रतिशत, 85 से 90 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शुल्क का 30 प्रतिशत तथा 80 से 85 प्रतिशत तक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के शुल्क का 25 प्रतिशत हिस्सा सामाजिक संगठनों द्वारा वहन किया जाएगा।
मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा प्रोत्साहन
इस पहल का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को आर्थिक सहयोग प्रदान कर बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध कराना है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इससे विद्यार्थियों में प्रतिस्पर्धा की भावना बढ़ेगी और वे उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित होंगे।
शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय कदम
सामाजिक संगठनों द्वारा उठाया गया यह कदम न केवल शहर बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों एवं पूरे सक्ती जिले में चर्चा का विषय बना हुआ है। नागरिकों, अभिभावकों एवं शिक्षा प्रेमियों ने इस पहल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में एक सकारात्मक प्रयास बताया है।
प्रबंधन ने जताया आभार
विद्यालय प्रबंधन एवं प्राचार्य ओ.पी. गबेल ने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग प्रदान करने वाले सभी सामाजिक संगठनों का धन्यवाद एवं साधुवाद व्यक्त करते हुए कहा कि समाज और शिक्षण संस्थानों के संयुक्त प्रयास से ही प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त होगा तथा जिले में शिक्षा का स्तर और अधिक सुदृढ़ बनेगा।




