ग्राम फगुरम के धनेश्वर सिदार का अग्निवीर में चयन, क्षेत्र में हर्ष का माहौल

फगुरम। ग्राम फगुरम के होनहार युवा धनेश्वर सिदार ने भारतीय सेना की प्रतिष्ठित अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया में चयनित होकर गांव, क्षेत्र और अपने परिवार का नाम रोशन किया है। धनेश्वर, ग्राम के निवासी संतोष सिदार के सुपुत्र हैं। उनके चयन की खबर मिलते ही परिवारजनों, रिश्तेदारों तथा ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। बधाई देने वालों का घर पर तांता लगा हुआ है।
धनेश्वर की इस उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। उनके चयन से युवाओं में देशसेवा के प्रति उत्साह बढ़ेगा तथा कठिन परिश्रम और लगन के बल पर लक्ष्य हासिल करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
उल्लेखनीय है कि ग्राम फगुरम लगातार रक्षा सेवाओं में प्रतिभाशाली युवाओं को देश को समर्पित कर रहा है। इससे पूर्व भी गांव के कई युवकों का चयन अग्निवीर, सीआईएसएफ, पुलिस एवं सेना सहित विभिन्न रक्षा एवं सुरक्षा सेवाओं में हो चुका है। यह उपलब्धि क्षेत्र में बढ़ती जागरूकता, अनुशासन और युवाओं की मेहनत का परिणाम मानी जा रही है।
ग्रामीणों ने विश्वास जताया है कि धनेश्वर सिदार की सफलता से क्षेत्र के अन्य युवा भी प्रेरित होकर देशसेवा के क्षेत्र में अपना भविष्य बनाने के लिए आगे आएंगे। उनकी इस उपलब्धि पर ग्रामवासियों, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के प्रबुद्धजनों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
“धनेश्वर की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे फगुरम गांव के लिए गर्व और सम्मान का विषय है।” 💐🇮🇳🥳




