क्राइम

पिता के साथ मार्निंग वॉक पर निकले युवक को अज्ञात वाहन ने कुचला: मौके पर मौत

-आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया चक्काजाम

डभरा। डभरा थाना क्षेत्र के ग्राम चुराघाठा के पास गुरुवार तड़के सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में मॉर्निंग वॉक पर निकले एक युवक की अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश फैल गया। नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे डभरा-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर यातायात प्रभावित हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, डभरा निवासी देव चन्द्रा (पिता- रामगोपाल चन्द्रा) गुरुवार सुबह प्रतिदिन की तरह अपने पिता के साथ मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। सुबह करीब 5 बजे दोनों चुराघाठा के समीप पहुंचे। इस दौरान पिता आगे निकल गए जबकि देव चन्द्रा कुछ दूरी पर पीछे चल रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

50 फीट तक घसीटने की चर्चा, मौके पर ही तोड़ दिया दम :- 

प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर दूर तक घिसट गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया, वहीं पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।

शव सड़क पर रखकर किया चक्काजाम :- 

घटना से नाराज ग्रामीणों ने डभरा-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम शुरू कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि दुर्घटना के जिम्मेदार वाहन चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और सहायता प्रदान की जाए। चक्काजाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया।

पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद खुला मार्ग :- 

सूचना मिलते ही डभरा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से चर्चा कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत और आश्वासन के बाद प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई, जिसके बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डभरा भेजा। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

अज्ञात वाहन चालक की तलाश में जुटी पुलिस :- 

डभरा पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी चालक को चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोड और बेलगाम रफ्तार बन रही मौत का कारण :- 

स्थानीय लोगों का कहना है कि खरसिया-डभरा-चंद्रपुर सड़क मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में भारी और ओवरलोड वाहन दौड़ते हैं। वाहन चालक तेज रफ्तार से वाहन चलाते हैं, जिससे आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इसके बावजूद न तो वाहनों की नियमित जांच होती है और न ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई दिखाई देती है। ग्रामीणों का आरोप है कि लगातार हो रहे हादसों के बावजूद प्रशासन और परिवहन विभाग की उदासीनता के कारण यह मार्ग अब “हादसों का कॉरिडोर” बनता जा रहा है। लोगों ने सड़क पर नियमित जांच अभियान चलाने, ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने तथा रफ्तार पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

Related Articles

Back to top button