नंदौरखुर्द में विकास कार्यों से ग्रामीणों को मिल रहा रोजगार, 13.30 लाख के तीन कार्य स्वीकृत

सरपंच धनंजय राठौर ने दी जानकारी; स्कूल, रीपा और गौठान परिसर में वृक्षारोपण के साथ जॉब कार्डधारी परिवारों को मिल रहा काम
सक्ती। जनपद पंचायत सक्ती अंतर्गत ग्राम पंचायत नंदौरखुर्द में वीबी-जी राम जी योजना के तहत स्वीकृत विकास कार्य ग्रामीणों के लिए रोजगार का माध्यम बन रहे हैं। ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्वीकृत 13 लाख 30 हजार रुपए के तीन वृक्षारोपण कार्यों के माध्यम से जॉब कार्डधारी ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है।
ग्राम पंचायत नंदौरखुर्द के सरपंच धनंजय राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला पंचायत सक्ती से तीन विकास कार्यों के लिए संशोधित प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हुई है। इन कार्यों का उद्देश्य सार्वजनिक स्थलों पर हरियाली बढ़ाने के साथ ग्रामीण परिवारों को गांव में ही रोजगार उपलब्ध कराना है।

स्कूल, रीपा और गौठान परिसर में हो रहे कार्य
स्वीकृत कार्यों में आश्रित ग्राम भटली के स्कूल परिसर एवं मैदान में वृक्षारोपण के लिए 4 लाख 44 हजार रुपए, रीपा परिसर में फलदार वृक्षारोपण के लिए 4 लाख 68 हजार रुपए तथा गौठान परिसर में फलदार वृक्षारोपण के लिए 4 लाख 18 हजार रुपए की राशि स्वीकृत की गई है।
तीनों कार्यों की कुल लागत 13 लाख 30 हजार रुपए है। इसमें करीब 9 लाख 43 हजार रुपए मजदूरी मद में निर्धारित किए गए हैं, जबकि 3 लाख 57 हजार रुपए सामग्री मद में रखे गए हैं। स्वीकृत राशि का बड़ा हिस्सा मजदूरी पर खर्च होने से स्थानीय श्रमिक परिवारों को इसका सीधा लाभ मिल रहा है।

गांव में ही मिल रहा रोजगार
सरपंच धनंजय राठौर ने बताया कि योजना के तहत जॉब कार्डधारी परिवारों को रोजगार दिया जा रहा है। ग्रामीणों को गांव में ही काम मिलने से उन्हें रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत कम हो रही है। वहीं वृक्षारोपण से स्कूल, रीपा और गौठान परिसर में हरियाली बढ़ने के साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने बताया कि कार्य शासन द्वारा निर्धारित नियमों और स्वीकृत प्राक्कलन के अनुसार कराए जा रहे हैं। योजना में ठेकेदारी प्रतिबंधित है और स्थानीय पंजीकृत श्रमिकों को काम दिया जा रहा है।
रोजगार के साथ हरियाली बढ़ाने की पहल
ग्राम पंचायत में चल रहे इन कार्यों से एक साथ दो उद्देश्य पूरे हो रहे हैं। एक ओर ग्रामीणों को रोजगार मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर सार्वजनिक परिसरों में फलदार एवं अन्य पौधों के रोपण से हरियाली बढ़ाई जा रही है।
सरपंच धनंजय राठौर ने कहा कि पंचायत का प्रयास है कि शासन की रोजगारमूलक योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक जॉब कार्डधारी परिवारों तक पहुंचे और गांव के विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की सहभागिता बढ़े।




