मटका फोड़ और बच्चों की खेल प्रतियोगिताओं ने बढ़ाया उत्साह, विजेताओं को किया गया पुरस्कृत

महामाया मंदिर के पास धूमधाम से मना कृष्ण जन्माष्टमी पर्व
सक्ती। नगर के वार्ड क्रमांक-13 स्थित महामाया मंदिर के पास श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। भगवान श्रीकृष्ण की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। आयोजन में वार्डवासियों के साथ युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण पारंपरिक मटका फोड़ प्रतियोगिता रही। युवाओं ने उत्साह और आपसी तालमेल का परिचय देते हुए मटका फोड़ने का प्रयास किया। प्रतियोगिता के दौरान उपस्थित लोगों ने तालियां बजाकर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों से पूरा आयोजन स्थल भक्तिमय हो गया। जन्माष्टमी पर्व को बच्चों के लिए और अधिक यादगार बनाने के उद्देश्य से विभिन्न मनोरंजक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी प्रतिभा, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को आयोजन समिति की ओर से पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आयोजन हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता का प्रतीक : गजाधर यादव
वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद गजाधर यादव (नान्हू भांचा) ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी हमारी धार्मिक आस्था, समृद्ध संस्कृति और परंपराओं का महत्वपूर्ण पर्व है। ऐसे आयोजनों से समाज में आपसी प्रेम, भाईचारा और एकता मजबूत होती है। बच्चों एवं युवाओं को अपनी संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जोड़ने के लिए इस प्रकार के आयोजन आवश्यक हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समिति के सभी सदस्यों, युवाओं और वार्डवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में शिवदत्त पाण्डेय (शिबू महाराज), महामाया मंदिर के पुजारी गजराज बैगा, वार्ड क्रमांक-13 के पार्षद गजाधर यादव (नान्हू भांचा), पार्षद संतोष सोनी (लाला), भाजपा नेता गोविंद देवांगन, पार्षद गोविंदा निराला, एल्डरमैन दादू केवट, सुमित शर्मा, गुड्डू सिदार, रूपेश छोटू यादव, शुभम यादव, गुरुदेव यादव, शिवशंकर, विनय देवांगन, जीतू प्रधान, बॉबी यादव, भोलेराम यादव, शंकर देवांगन, दीपक देवांगन, गौरव यादव, नरेंद्र बैगा, दीपक यादव, ईश्वर रिंकू देवांगन, चेतन यादव, शनि यादव, राम शंकर, बलराम और मुकेश देवांगन सहित आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।आयोजन समिति और स्थानीय युवाओं ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया। देर तक चले आयोजन में श्रद्धा, उल्लास और उत्सव का वातावरण बना रहा।
————————
समाचार बढ़िया से लेना है दोनों फोटो के साथ




