नकली चांदी के आभूषण बेचकर ठगी की कोशिश, उत्तर प्रदेश का युवक गिरफ्तार

अरुण निराला संवाददाता, सक्ती/बाराद्वार। स्थानीय पुलिस ने उत्तर प्रदेश के एक युवक को नकली चांदी के आभूषणों को असली बताकर बेचने और चाकू लेकर घूमने के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी संजय शराफ पिता चन्द्रभूषण शराफ उम्र 34 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 10 बाराद्वार ने थाना बाराद्वार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 19 अक्टूबर 2025 को सुबह लगभग 10:30 बजे, एक युवक फिरोज खान पिता अब्दुल सत्तार, उम्र 28 वर्ष, निवासी बिलालपत, थाना असमोली, जिला संभल (उत्तर प्रदेश) उनके “अर्जुन ज्वेलर्स” दुकान पर पहुंचा।
आरोपी ने अपने साथ लाए नकली ब्रेसलेट एवं चैन को चांदी का असली आभूषण बताकर छलपूर्वक बेचने और पैसे लेने की कोशिश की। जब संदेह हुआ, तो जांच में यह आभूषण नकली निकले। साथ ही आरोपी के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ।
इस पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 318(3), 62 बी.एन.एस. एवं 25 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस ने उच्चाधिकारियों के दिशा-निर्देश पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को नगर पंचायत बाराद्वार के पास से गिरफ्तार किया और दिनांक 19.10.2025 को न्यायिक रिमांड पर संबंधित न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।



