सक्ती जिला

ससुर पर बहू से दुष्कर्म और मारपीट का आरोप, बाराद्वार पुलिस ने किया गिरफ्तार

सक्ती। जिले के बाराद्वार थाना क्षेत्र अंतर्गत एक महिला द्वारा अपने ससुर पर दुष्कर्म, मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2013 में ग्राम लछनपुर निवासी अशोक सूर्यवंशी के साथ हुई थी। दाम्पत्य जीवन से उसके दो पुत्र हैं। वर्ष 2020 में हृदयाघात से पति की मृत्यु हो जाने के बाद वह अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल में रहकर उनका पालन-पोषण कर रही थी। बाद में उसे आंगनबाड़ी सहायिका के रूप में कार्य मिला, जिससे वह परिवार की जिम्मेदारियां निभा रही थी।
पीड़िता ने शिकायत में आरोप लगाया है कि उसका ससुर बिहारी लाल सूर्यवंशी लंबे समय से उसे प्रताड़ित कर रहा था तथा नौकरी छोड़ने के लिए दबाव बना रहा था। महिला के अनुसार आरोपी द्वारा उसे धमकाया जाता था और कई बार उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप भी लगाया गया है।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि हाल ही में आरोपी द्वारा कथित रूप से जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने पर विरोध करने के कारण मारपीट की गई, जिससे महिला के सामने का एक दांत टूट गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना बाराद्वार पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ की। विवेचना के दौरान पर्याप्त आधार मिलने पर पुलिस ने आरोपी बिहारी लाल सूर्यवंशी (63 वर्ष), निवासी लछनपुर को गिरफ्तार कर विधिवत न्यायालय में प्रस्तुत किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस द्वारा मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।

Related Articles

Back to top button