सक्ती जिला

छह सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारियों ने सौंपा ज्ञापन

सक्ती। छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा सक्ती के नेतृत्व में बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम छह सूत्रीय मांगों का ज्ञापन कलेक्टर को सौंपा गया। जिला अध्यक्ष राधेलाल भारद्वाज के नेतृत्व में लंच टाइम के दौरान कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों के निराकरण की मांग उठाई। राधेलाल भारद्वाज ने बताया कि राज्य के विद्युत मंडल, न्यायिक सेवा अधिकारियों तथा अखिल भारतीय सेवाओं के अधिकारियों को केंद्र की तिथि 1 जनवरी से 2 प्रतिशत महंगाई भत्ता स्वीकृत कर दिया गया है, लेकिन प्रदेश के लगभग साढ़े चार लाख अधिकारी-कर्मचारियों को अब तक इस लाभ से वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारियों एवं पेंशनरों को केंद्रीय कर्मचारियों की भांति देय तिथि से महंगाई भत्ता और महंगाई राहत प्रदान किया जाना चाहिए तथा डीए एरियर्स की राशि को जीपीएफ खाते में समायोजित किया जाना चाहिए।

कैशलेस चिकित्सा सुविधा के आदेश जारी करने की मांग

संघ ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि विधानसभा के बजट सत्र में वित्त मंत्री द्वारा कर्मचारी एवं अधिकारियों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा की गई थी, लेकिन अभी तक इसके संबंध में नियम और दिशा-निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। कर्मचारी हितों को ध्यान में रखते हुए इस संबंध में तत्काल आदेश जारी करने की मांग की गई।

अवकाश नगदीकरण और नियमितीकरण का मुद्दा भी उठाया

ज्ञापन में केंद्रीय कर्मचारियों एवं मध्यप्रदेश के कर्मचारियों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों को भी सेवानिवृत्ति के समय 240 दिनों के स्थान पर 300 दिनों का अवकाश नगदीकरण लाभ देने की मांग की गई। इसके अलावा संविदा, दैनिक वेतनभोगी एवं अनियमित कर्मचारियों को रिक्त पदों पर नियमित करते हुए मध्यप्रदेश की भांति सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। संघ ने शिक्षक एलबी संवर्ग के कर्मचारियों की प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा गणना करते हुए उन्हें समस्त सेवाकाल का लाभ देने की मांग की। साथ ही प्रदेश में अनुकम्पा नियुक्ति के लिए निर्धारित 10 प्रतिशत की सीमा समाप्त करते हुए सभी रिक्त पदों पर पात्र आश्रितों को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने की मांग की गई। ज्ञापन सौंपने के दौरान संघ के संरक्षक गुरुप्रसाद जायसवाल, पेंशनर्स प्रकोष्ठ के जिला संयोजक तुलसीराम राठौर, कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के तहसील संयोजक मनोज कुमार राठौर, तहसील अध्यक्ष अशोक कुमार राठौर, शांतिलाल यादव, राहुल कुमार राठौर, कृष्णकुमार साहू, हरकुमार सिदार, मिथिलेश मैत्री, छत्तीसगढ़ स्वास्थ्य संयोजक संघ के जिला अध्यक्ष जगन्नाथ गोस्वामी, छत्तीसगढ़ राज्य स्तरीय छात्रावास अधीक्षक संघ के जिला अध्यक्ष देवप्रसाद, संभागीय अध्यक्ष गजेन्द्र भोसले, गौतम चन्द्रा, प्रकाश राठौर, तुलसी चन्द्रा, मणीशंकर साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी साथी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button