सक्ती जिला

रेलिंग विहीन पुलिया बन रही हादसों का कारण

डभरा/सक्ती। कोटमी से खरकेना मार्ग पर प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित पुलिया इन दिनों स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों के लिए चिंता का विषय बनी हुई है। पुलिया में सुरक्षा रेलिंग नहीं होने के कारण यहां दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र सुरक्षा इंतजाम करने की मांग की है।


ग्रामीणों के अनुसार यह पुलिया एक अंधे मोड़ पर स्थित है, जहां से गुजरने वाले वाहनों को सामने से आने वाले यातायात का सही अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में पुलिया के दोनों ओर सुरक्षा रेलिंग का अभाव किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है। विशेषकर रात के समय यह मार्ग और अधिक खतरनाक हो जाता है, जिससे वाहन चालकों एवं राहगीरों को जोखिम उठाना पड़ता है।


यह मार्ग क्षेत्र के कई गांवों के लिए आवागमन की जीवनरेखा माना जाता है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, किसान, व्यापारी एवं आम नागरिक इसी रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए भी यही प्रमुख मार्ग है। साप्ताहिक बाजार के दिनों में इस सड़क पर वाहनों और लोगों की आवाजाही और बढ़ जाती है।


ग्राम पंचायत खरकेना के सरपंच मनीष महंत तथा ग्राम पंचायत कोटमी के उपसरपंच डीपी चौधरी ने शासन-प्रशासन से पुलिया पर तत्काल सुरक्षा रेलिंग लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि किसी अप्रिय घटना की प्रतीक्षा करने के बजाय समय रहते सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाने चाहिए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही पुलिया पर रेलिंग निर्माण नहीं कराया गया तो भविष्य में कोई गंभीर दुर्घटना हो सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग और प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई करने तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।


ग्रामीणों का कहना है कि विकास कार्य तभी सार्थक होंगे, जब उनमें सुरक्षा के मानकों का भी पूर्ण पालन किया जाए।

Related Articles

Back to top button