फगुरम पुलिस की बड़ी कार्यवाही — अवैध शराब परिवहन करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, भेजे गए जेल

अरुण निराला संवाददाता, फगुरम (सक्ती): – जिले में पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशानुसार अवैध गतिविधियों पर नकेल कसने लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में चौकी फगुरम प्रभारी सहायक उप निरीक्षक संतोष तिवारी के नेतृत्व में आज अवैध शराब परिवहन के दो मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 19 अक्टूबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति ग्राम सुखदा नहर पार के पास मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में देशी शराब लेकर बिक्री हेतु जा रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी ओंकार चन्द्रा पिता जीवन लाल चन्द्रा (उम्र 35 वर्ष, निवासी ग्राम सुखदा) को पकड़ा। उसकी बिना नंबर की बजाज प्लेटीना मोटरसाइकिल (कीमत ₹20,000) के पेट्रोल टंकी में छिपाकर रखी 50 पाव यूनिक देशी प्लेन शराब (कुल 9 लीटर, कीमत ₹4,000) बरामद की गई।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में पुलिस ने ग्राम बरतुंगा में मनोहर खुंटे पिता बट्टुलाल खुंटे (उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम जमगहन, थाना मालखरौदा) को पकड़ा, जिसके पास से बिना नंबर की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (कीमत ₹20,000) में छिपाकर रखे लगभग 30 लीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब (कीमत ₹3,000) जब्त की गई।
दोनों आरोपियों से जब्त शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर, पुलिस ने क्रमशः अपराध क्रमांक 352/2025 व 353/2025 धारा 34(2), 59(क) आबकारी अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
इस कार्रवाई में स.उ.नि. हीराराम संवरा, प्रधान आरक्षक टीकम सिंह साव, प्रधान आरक्षक अश्वनी सिदार, प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण राठौर, आरक्षक अनिल रात्रे, आरक्षक संतोष गोंड़, आरक्षक सुभाष राज एवं आरक्षक अविनाश देवांगन की सक्रिय भूमिका रही।




