सक्ती जिला

मरघट्टी पंचायत सचिव महेन्द्र चन्द्रा निलंबित
15वें वित्त की राशि में अनियमितता, जांच में पाए गए दोषी

मालखरौदा – जनपद पंचायत मालखरौदा अंतर्गत ग्राम पंचायत मरघट्टी के सचिव महेन्द्र कुमार चन्द्रा को वित्तीय अनियमितता और कार्य में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

15वें वित्त एवं अन्य मद की राशि के उपयोग में अनियमितता की शिकायत पर जनपद पंचायत मालखरौदा द्वारा जांच दल गठित किया गया था। जांच के दौरान सचिव महेन्द्र चन्द्रा ने जांच अधिकारियों को सहयोग नहीं किया और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।

जांच रिपोर्ट में उनके विरुद्ध गंभीर वित्तीय अनियमितता और लापरवाही की पुष्टि हुई। इस पर जिला पंचायत सक्ती के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने छत्तीसगढ़ पंचायत सेवा (अनुशासन तथा अपील) नियम 1999 के तहत उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश जारी किया है।

आदेश में उल्लेख किया गया है कि निलंबन अवधि में श्री चन्द्रा को केवल जीवन निर्वाह भत्ता प्राप्त होगा तथा उनका मुख्यालय जनपद पंचायत मालखरौदा निर्धारित किया गया है।

मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती द्वारा जारी आदेश तत्काल प्रभावशील बताया गया है। साथ ही जनपद पंचायत मालखरौदा को निर्देशित किया गया है कि पंचायत सचिव का प्रभार निकटतम ग्राम पंचायत के सचिव को सौंपा जाए और आदेश की तामिली की प्रतिवेदन एक सप्ताह में प्रस्तुत की जाए।

इस कार्रवाई से पंचायत विभाग में हड़कंप की स्थिति है। बताया जा रहा है कि जांच दल ने प्रतिवेदन में वित्तीय गड़बड़ी और गंभीर लापरवाही की पुष्टि की है, जिसके आधार पर जिला पंचायत ने यह कड़ा कदम उठाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button