स्टोर क्लीनिंग में मिली एक्सपायरी दवाइयां : CMHO ने कहा – अब व्यवस्था होगी पारदर्शी और सुरक्षित

सक्ती। जिला अस्पताल में स्टोर क्लीनिंग के दौरान काफी तादाद में एक्सपायरी दवाइयां पाई गईं। ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन (GSM) योजना के तहत जिले को पूर्व में दवाइयों की सप्लाई की गई थी। पर्याप्त वितरण के बाद भी कुछ दवाइयां बच गईं, जिनका समय पर उपयोग नहीं हो पाया और वे एक्सपायरी हो गईं।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. पूजा अग्रवाल ने बताया कि जिला अस्पताल में सफाई अभियान चलाया गया है और एक्सपायरी दवाइयों का डिस्पोजल प्रक्रिया अनुसार कराया जाएगा। उन्होंने कहा –
“मुझे इस पद पर ज्वाइन किए कुछ ही माह हुए हैं। स्टोर क्लीनिंग के दौरान एक्सपायरी दवाइयों की जानकारी मिली। अब आगे ऐसी स्थिति न बने, इसके लिए पूरी तरह से निगरानी रखी जाएगी।”
डॉ. अग्रवाल ने यह भी बताया कि अब तक प्रदेश में एक्सपायरी दवाइयों और बायोमेडिकल वेस्ट के निपटान के लिए डीप बरीअल सिस्टम अपनाया जाता रहा है। हाल ही में शासन द्वारा प्रत्येक जिले में इंसीनरेटर लगाने की प्रक्रिया शुरू की गई है, जिससे भविष्य में दवाओं और बायोमेडिकल वेस्ट का वैज्ञानिक व सुरक्षित प्रबंधन सुनिश्चित होगा।
CMHO ने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में सफाई और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा देने के लिए लगातार सुधार किए जा रहे हैं।




