सक्ती जिलासक्ती नगर

सक्ती हुआ ‘सेल्फ क्लोज्ड सिटी’ : व्यापारियों ने तय किया सोमवार को साप्ताहिक अवकाश, हर सोमवार रहेगा सक्ती बाजार बंद — व्यापारियों का सर्वसम्मति से ऐतिहासिक निर्णय

सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती के व्यापारिक जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। शहर के सभी व्यापारिक संगठनों ने आज एक स्वर में यह निर्णय लिया है कि आगामी सप्ताह से प्रत्येक सोमवार को सक्ती का संपूर्ण बाजार पूर्ण रूप से बंद रहेगा। यह ऐतिहासिक निर्णय छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज इकाई सक्ती की बैठक में सर्वसम्मति से लिया गया।

बैठक का आयोजन स्थानीय हटरी धर्मशाला सक्ती में दीपावली मिलन समारोह के अवसर पर किया गया, जिसकी अध्यक्षता चेंबर अध्यक्ष मुकेश बंसल ने की। कार्यक्रम में प्रमुख अतिथि के रूप में नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री दिनेश शर्मा (अन्नपूर्णा बाराद्वार), गल्ला किराना व्यापारी संघ अध्यक्ष सुनील बंसल, पेट्रोल पंप व्यवसायी संघ अध्यक्ष आनंद अग्रवाल, राइस मिल एसोसिएशन अध्यक्ष रवि जिंदल बंटी, सराफा संगठन जिला अध्यक्ष राजेश सराफ , प्रदेश उपाध्यक्ष मनीष कथूरिया एवं अन्य गणमान्य व्यापारी उपस्थित रहे।

बैठक में सर्वसम्मति से हुआ निर्णय

बैठक के दौरान चेंबर अध्यक्ष मुकेश बंसल ने कहा कि — “व्यापारी समाज आर्थिक विकास की रीढ़ है। वर्तमान परिस्थितियों में सप्ताह में एक दिन विश्राम और आत्ममंथन के लिए समय निकालना आवश्यक है। व्यापारी एकजुट होकर सोमवार को दुकान बंद रखेंगे, जिससे संगठन की एकता और शक्ति दोनों प्रदर्शित होंगी।”

वहीं नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए कहा – “यह पहल न केवल व्यापारियों के हित में है बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी उपयोगी है। जब हर सोमवार संपूर्ण व्यापार बंद रहेगा तो व्यापारी अपने परिवार के साथ समय बिता सकेंगे। मैं दो सप्ताह तक स्वयं मॉनिटरिंग करूंगा, और यदि पूर्ण पालन हुआ तो तीसरे सोमवार को सभी व्यापारियों के लिए वनभोज का आयोजन किया जाएगा।

व्यापारी संगठनों का व्यापक समर्थन

बैठक में गल्ला व्यापारी संघ, दवाई विक्रेता संघ, मोबाइल व्यापारी संघ, होटल व्यवसायी संघ, सराफा एसोसिएशन, राइस मिल एसोसिएशन, कपड़ा व्यापारी संघ, टू व्हीलर एवं फोर व्हीलर पार्ट्स संघ, कीटनाशक संघ सहित शहर के सभी प्रमुख व्यापारी संगठनों ने अपने सुझाव देते हुए सोमवार को अवकाश पर सर्वसम्मति से सहमति दी।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि चेंबर ऑफ कॉमर्स की टीम आगामी दिनों में “हर सोमवार बाजार बंद रहेगा” शीर्षक से व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाएगी। इसके तहत प्रत्येक दुकान पर बंद दिवस का स्टीकर लगाया जाएगा और शहर के 10 किलोमीटर दायरे में व्यापारियों को अवगत कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button