सक्ती में टेंट व्यवसायी की बाइक पर चोरों का हाथ साफ: दशगात्र कार्यक्रम में काम के दौरान घर के सामने खड़ी HF डिलक्स चोरी

सक्ती। जिले में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला ग्राम मरकाम गोढ़ी का है, जहां एक टेंट व्यवसायी की बाइक अज्ञात चोरों द्वारा पार कर दी गई।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम कांदानारा निवासी युवक संजय, जो टेंट और साउंड का काम करता है, अपने पिता के नाम पर दर्ज हिरो HF डिलक्स (क्रमांक CG-11-MB-0248) को घरेलू व व्यवसायिक कार्यों में उपयोग करता है। दिनांक 17 अप्रैल 2026 को वह दशगात्र कार्यक्रम में टेंट व साउंड सिस्टम लगाने के लिए ग्राम मरकाम गोढ़ी स्थित बालाराम सिदार के घर गया था।
काम में व्यस्त, चोरों ने किया हाथ साफ
रात्रि करीब 09 बजे युवक ने अपनी मोटरसाइकिल घर के सामने खड़ी कर दी और अंदर जाकर टेंट व साउंड का काम देखने लगा। रात करीब 02 बजे जब वह बाहर निकला, तो वहां खड़ी उसकी बाइक गायब थी। आसपास काफी तलाश करने के बावजूद वाहन का कोई पता नहीं चला।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
पीड़ित ने बताया कि उसकी बाइक का चेसिस नंबर MBLHA11AEE9A24436 और इंजन नंबर HA11EFE9A42670 है। बाइक की अनुमानित कीमत करीब ₹12,000 बताई गई है। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पीड़ित ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ और संभावित संदिग्धों की तलाश की जा रही है। लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में चिंता का माहौल है, वहीं पुलिस से जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।




