समय के साथ एआई का उपयोग करें, लेकिन खुद पर भरोसा बनाए रखें : न्यायाधीश जयदीप गर्ग

जिला अधिवक्ता संघ सक्ती की नई कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
सक्ती। जिला अधिवक्ता संघ सक्ती की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह न्यायालय परिसर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश जांजगीर-चांपा जयदीप गर्ग रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान न्यायाधीश कुटुंब न्यायालय जांजगीर-चांपा के.एल. चरयाणी ने की। समारोह में न्यायिक अधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
तकनीक के साथ चलना समय की आवश्यकता
मुख्य अतिथि जयदीप गर्ग ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान दौर में अधिवक्ताओं के लिए समय के साथ चलना आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) का सहारा लेने से कार्यक्षमता बढ़ सकती है, लेकिन इस पर पूरी तरह निर्भर होना उचित नहीं है। एआई में मानवीय संवेदनाएं नहीं होतीं, इसलिए अधिवक्ताओं को अपने अनुभव और विवेक पर भरोसा रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक का संतुलित उपयोग ही बेहतर परिणाम देगा।
अतिथियों ने दी शुभकामनाएं
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में द्वितीय जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्रीमती लीना अग्रवाल, प्रथम जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश प्रशांत कुमार शिवहरे, अपर जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश (एफटीसी) कु. पुष्पलता मारकण्डेय, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सुश्री सुभदा गोयल तथा न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी कु. अंकिता देवदास, नोवेल वर्मा, श्याम सुंदर अग्रवाल, कलेक्टर सक्ती, एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने अपने उद्बोधन में अधिवक्ताओं को न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग बताते हुए नई कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली शपथ
शपथ ग्रहण समारोह में जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष श्यामलाल साहू, उपाध्यक्ष अश्विनी राठौर, सचिव नरेंद्र प्रसाद पटेल, सह सचिव फलीत लहरे, सांस्कृतिक एवं क्रीड़ा सचिव अरविंद भारद्वाज सहित कार्यकारिणी सदस्य राहुल स्वर्णकार, संतोष कुमार यादव एवं वीरेंद्र कुमार ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। महिला आरक्षित उपाध्यक्ष अन्नपूर्णा राठौर, कोषाध्यक्ष अंजना कंवर, ग्रंथपाल दिनेश कुमार जायसवाल तथा महिला कार्यकारिणी सदस्य शिल्पी गर्ग के निर्विरोध निर्वाचन का भी स्वागत किया गया।
बार और बेंच के बीच सहयोग का संकल्प
समारोह के दौरान न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं के बीच बेहतर समन्वय और सहयोग बनाए रखने पर जोर दिया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं के हितों की रक्षा तथा न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन आपसी सौहार्द और न्यायिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के संकल्प के साथ हुआ।




