? डभरा में दिनदहाड़े सब्जी विक्रेता महिला से ₹20 हजार की लूट, दो बाइक सवार आरोपी फरार

सक्ति | डभरा थाना क्षेत्र से दिनदहाड़े लूट की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अटल परिसर के पास दो अज्ञात बाइक सवार युवकों ने एक महिला सब्जी विक्रेता से करीब ₹20 हजार नकद लूट लिए और मौके से फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढ़े 11 बजे दो युवक सब्जी खरीदने के बहाने महिला की दुकान पर पहुंचे। कुछ देर बाद जब महिला का ध्यान दूसरी ओर गया, तो लुटेरे थैली में रखे पैसे लेकर फरार हो गए। वारदात के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस दिनदहाड़े हुई घटना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग कर रहे हैं।




