सक्ती जिला

स्टॉप बोर्ड तक अतिक्रमण की चपेट में, राहगीरों की सुरक्षा पर मंडराया खतरा

अरुण कुमार निराला/जैजैपुर। नगर पंचायत जैजैपुर के वार्ड क्रमांक 3 एवं 4 में कथित सामूहिक अतिक्रमण का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। स्थानीय रहवासियों ने आरोप लगाया है कि कचंदा मोड़ से तुषार रोड स्थित विश्राम गृह के आसपास शासकीय भूमि, सड़क किनारे की जगह और सार्वजनिक उपयोग के क्षेत्रों पर लगातार कब्जा किया जा रहा है। स्थिति यह है कि सड़क सुरक्षा के लिए लगाए गए स्टॉप बोर्ड को भी अतिक्रमण की जद में ले लिया गया है।


नागरिकों के अनुसार अतिक्रमण के कारण पैदल चलने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क किनारे उपलब्ध सार्वजनिक स्थान सिकुड़ते जा रहे हैं, जिससे राहगीरों की सुरक्षा भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर रोक नहीं लगाई गई तो भविष्य में यातायात व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं पर गंभीर असर पड़ सकता है।


स्थानीय रहवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन और संबंधित अधिकारियों का ध्यान आकर्षित करते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर अतिक्रमण हटाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य भी ऐसे कब्जों के कारण प्रभावित हो सकते हैं।


वार्डवासियों का मानना है कि नगर पंचायत को इस मामले में गंभीरता दिखाते हुए शासकीय भूमि और सार्वजनिक स्थलों को अतिक्रमण मुक्त कराना चाहिए। अब लोगों की नजर नगर पंचायत प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर टिकी हुई है कि वे इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।


फिलहाल क्षेत्र के नागरिक प्रशासनिक कार्रवाई का इंतजार कर रहे हैं और अतिक्रमण हटाने की मांग को लेकर आवाज बुलंद कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button