सक्ती जिला

डभरा में भाजपा का दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग संपन्न, कार्यकर्ताओं को मिला संगठन और सुशासन का पाठ

अरुण कुमार निराला/सक्ति। भारतीय जनता पार्टी जिला सक्ती द्वारा चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत डभरा नगर के कृष्णा पैलेस में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का समापन मंगलवार शाम को हुआ। प्रशिक्षण वर्ग में जिले भर से पहुंचे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन की विचारधारा, कार्यपद्धति तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।


प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 2 जून को ध्वजारोहण, पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं भारत माता के तैलचित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत गीत के पश्चात विभिन्न सत्रों के माध्यम से प्रदेश भाजपा संगठन के वरिष्ठ नेताओं एवं राज्य सरकार के निगम-आयोगों के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।


दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाजपा की स्थापना से लेकर वर्तमान तक की संगठनात्मक यात्रा, राष्ट्र निर्माण में पार्टी के योगदान, केंद्र की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार की जनहितकारी योजनाओं तथा संगठन को मजबूत करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।


प्रशिक्षण वर्ग में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने बताया कि कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें भाजपा की विचारधारा, कार्य संस्कृति और राष्ट्रहित में पार्टी की भूमिका को गहराई से समझने का अवसर मिला। साथ ही प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को प्रशिक्षण अभियान की किट एवं साहित्य भी प्रदान किया गया, जिसमें संगठन और उसकी नीतियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी शामिल है।


कार्यक्रम के दौरान प्रतिदिन सुबह योग सत्र का आयोजन भी किया गया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं से आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक योग कार्यक्रम आयोजित करने का आह्वान किया गया।


भाजपा जिला सक्ती द्वारा प्रशिक्षण वर्ग में शामिल सभी प्रशिक्षार्थियों के लिए आवास, भोजन एवं प्रशिक्षण की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई थी, जिसकी प्रतिभागियों ने सराहना की। प्रशिक्षण वर्ग के समापन अवसर पर सभी प्रशिक्षार्थियों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे।


उल्लेखनीय है कि डभरा जैसे महत्वपूर्ण विकासखंड मुख्यालय में पहली बार जिला स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन किया गया, जिससे जिले के विभिन्न मंडलों के कार्यकर्ताओं को एक मंच पर संगठनात्मक प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला। कार्यक्रम को सफल बनाने में भाजपा जिला पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button