सक्ती जिला

स्वामी आत्मानंद स्कूल में कार्यशाला का आयोजन; बच्चियों को बांटे गए सेनेटरी पैड, ली मासिक धर्म शपथ

अरुण कुमार निराला/सक्ति –ऑल इंडिया लीनेस क्लब सक्ति डिस्ट्रिक्ट सीजी 1 (स्वर्णिम) के जूनियर क्लब सक्ति ‘अरुणिमा’ द्वारा ‘मासिक धर्म स्वच्छता दिवस’ के अवसर पर एक विशेष जागरूकता अभियान और कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट हिंदी माध्यम विद्यालय (कसेर पारा) में चार्टर अध्यक्ष लीनेस शहनाज बानो के नेतृत्व में संपन्न हुआ, जिसमें स्कूल की छात्राओं और स्थानीय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

शर्म और भ्रांतियों को दूर करने की पहल
कार्यशाला के दौरान मासिक धर्म और उससे जुड़े विभिन्न संवेदनशील विषयों पर खुलकर चर्चा की गई। क्लब की सचिव निकहत करीम मलिक ने बच्चियों को संबोधित करते हुए मासिक धर्म स्वच्छता के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि समाज में पीरियड्स को लेकर जो झिझक, शर्म और रूढ़िवादी अवधारणाएं व्याप्त हैं, उन्हें दूर करना बेहद जरूरी है। उन्होंने छात्राओं से खुलकर बातचीत कर उनकी शंकाओं का समाधान किया।

योग से दर्द निवारण और सही निपटान की दी जानकारी

कार्यक्रम में लीनेस रीता राज ने छात्राओं को मासिक धर्म के दौरान नियमित साफ-सफाई रखने, सेनेटरी पैड का सही उपयोग करने और इस्तेमाल के बाद उनके सुरक्षित निपटान (Disposal) के तरीकों को विस्तार से समझाया। इसके साथ ही उन्होंने एक महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि:


“मासिक धर्म के समय होने वाले असहनीय दर्द को बिना किसी दवाई के, केवल नियमित व सही योगाभ्यास के माध्यम से भी दूर किया जा सकता है।”

पोस्टर प्रदर्शन और पैड वितरण

जूनियर क्लब के पीएसटी (प्रेसिडेंट, सेक्रेटरी, ट्रेजरर) द्वारा आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से भी उपस्थित लोगों को जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी बालिकाओं, युवतियों और महिलाओं द्वारा ‘मासिक धर्म स्वच्छता शपथ’ ली गई। इसके बाद क्लब की ओर से सभी बच्चियों को सेनेटरी पैड का निःशुल्क वितरण किया गया।

ये रहे उपस्थित:

इस गरिमामय और जागरूक कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय प्रशासन का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम में जूनियर पीएसटी के साथ ही मुख्य रूप से लीनेस अनीता सिंह, चेयरपर्सन लीनेस संगीता तिवारी, लीनेस रीता राज सहित क्लब की अन्य सदस्य और स्कूल का स्टाफ उपस्थित था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button