भक्ति, उल्लास और सौहार्द का संगम: मारवाड़ी शक्ति शाखा के आयोजन में महिलाओं ने लिया भरपूर आनंद

सक्ती। अखिल भारतीय मारवाड़ी शक्ति शाखा, सक्ती द्वारा शाखा अध्यक्ष श्रीमती सरोज अग्रवाल के नेतृत्व में एक भव्य एवं आनंदमय बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शाखा की सभी सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न सांस्कृतिक, धार्मिक एवं मनोरंजक गतिविधियों में हिस्सा लिया।
बैठक के दौरान महिलाओं ने शतरंज (चेस) प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा और बौद्धिक क्षमता का परिचय दिया। खेल के माध्यम से आपसी सौहार्द और उत्साह का वातावरण बना रहा। इसके साथ ही भगवान जी का श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ नौका विहार कराया गया। भजन, नृत्य एवं संगीत की मधुर प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को भक्तिमय बना दिया।
विशेष आकर्षण के रूप में सभी महिलाओं ने सोलह श्रृंगार धारण कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। पारंपरिक वेशभूषा और साज-सज्जा ने आयोजन में सांस्कृतिक गरिमा का सुंदर संदेश दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान भक्ति, उत्साह और उल्लास का वातावरण बना रहा तथा सभी सखियों ने मिलकर आयोजन का भरपूर आनंद उठाया।
इस अवसर पर पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष श्रीमती उषा अग्रवाल, शाखा अध्यक्ष श्रीमती सरोज अग्रवाल, पूर्व अध्यक्ष सुमन अग्रवाल, बाल विकास प्रमुख राखी अग्रवाल, सचिव संगीता केडिया, कोषाध्यक्ष संगीता खेतान, उपाध्यक्ष आशा गोयल, सरिता अग्रवाल, अलका जी, प्रीति गुप्ता, रिंकी अग्रवाल, शोभा जी सहित बड़ी संख्या में महिलाओं ने उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाया।
अखिल भारतीय मारवाड़ी शक्ति शाखा द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम महिलाओं के बीच एकता, संस्कृति और आध्यात्मिकता को बढ़ावा देने वाला यादगार आयोजन साबित हुआ।




