सक्ती जिला

थर्ड आई एक्टिवेशन प्रोग्राम के प्रथम बैच का भव्य समापन, बच्चों की प्रतिभा ने किया सभी को प्रभावित

अरुण कुमार निराला/सक्ती। स्टेशन रोड स्थित होटल गिरिराज रेन बसेरा में देश की सुप्रसिद्ध प्रशिक्षक विनीता मैडम के मार्गदर्शन में संचालित थर्ड आई एक्टिवेशन प्रोग्राम के प्रथम बैच का बुधवार शाम भव्य समापन हुआ। कार्यक्रम में बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता ने उपस्थित अभिभावकों एवं नागरिकों को विशेष रूप से प्रभावित किया।


समापन अवसर पर गिरिराज रेन बसेरा परिवार की वरिष्ठ समाजसेविका श्रीमती अंगूरी देवी अग्रवाल ने पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात विनीता मैडम ने सभी अभिभावकों एवं अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शक्ति शहर में यह कार्यक्रम पिछले कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है और इसमें शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है।


उन्होंने कहा कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करना है। बच्चों ने जिस लगन, उत्साह और आत्मविश्वास के साथ प्रशिक्षण प्राप्त किया है, वह सराहनीय है।


15 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में बच्चों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान 15 दिन के प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने वाले सभी बच्चों को विनीता मैडम द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप पुरस्कृत किया गया। साथ ही उपस्थित अभिभावकों एवं बच्चों के लिए विशेष नाश्ते की व्यवस्था भी की गई। इस अवसर पर बच्चों ने अपनी सीख और प्रतिभा का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।


अभिभावकों ने साझा किए अनुभव
अभिभावकों ने बताया कि उनके बच्चे पिछले दो-तीन वर्षों से इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं और उनमें सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चे आंखों पर पट्टी बांधकर अखबार पढ़ने, रंगों की पहचान करने तथा अन्य गतिविधियों का प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ा है। अभिभावकों ने ऐसे आयोजनों को बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उपयोगी बताया।


देशभर में आयोजित हो रहे हैं प्रशिक्षण शिविर
विनीता मैडम ने बताया कि उनके द्वारा ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान देश के विभिन्न शहरों में ऐसे प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। बड़ी संख्या में अभिभावक स्वयं अपने बच्चों को इस 15 दिवसीय प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने बताया कि विभिन्न सामाजिक एवं शैक्षणिक संस्थाओं द्वारा भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।


कार्यक्रम में श्रीमती उषा अमरलाल अग्रवाल, पंकज अग्रवाल (पिंटू), श्रीमती स्मिता अग्रवाल, श्रीमती नेहा अग्रवाल, जय भिवानिया सहित गिरिराज रेन बसेरा परिवार के सदस्य एवं बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित रहे।


प्रथम बैच के सफल समापन के बाद अब शक्ति में थर्ड आई एक्टिवेशन प्रोग्राम का द्वितीय बैच भी शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button