कंपनियों के भारी वाहनों का कहर जारी: भद्री चौक में कोयला लोड ट्रेलर ने वृद्ध महिला को कुचला, मौत के बाद फूटा जनाक्रोश

अरुण कुमार निराला/सक्ति। क्षेत्र में संचालित औद्योगिक कंपनियों के भारी वाहनों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार सुबह भद्री चौक में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक वृद्ध महिला की जान चली गई। घटना के बाद क्षेत्रवासियों में भारी आक्रोश है और लोगों ने कंपनियों के वाहनों की बेलगाम रफ्तार तथा सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार, फगुरम चौकी क्षेत्र के ग्राम कुधरी निवासी एक वृद्ध महिला सुबह लगभग 8 बजे भद्री चौक स्थित मिल में काम करने जा रही थी। इसी दौरान खरसिया की ओर से आ रहा कोयला लोड ट्रेलर क्रमांक CG 12 BG 4875 उसे कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भयावह था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि उक्त ट्रेलर समीपस्थ आरकेएम पावर प्लांट, उच्चपिंडा की ओर जा रहा था। घटना के बाद मृतका के परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए तथा सड़क पर चक्काजाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। लोगों ने दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ भारी वाहनों पर नियंत्रण और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की।
“आखिर कब तक जाती रहेंगी जानें?”
हादसे के बाद क्षेत्रवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। ग्रामीणों का कहना है कि औद्योगिक कंपनियों के लिए दिन-रात दौड़ने वाले भारी वाहन लगातार ग्रामीणों की जान के लिए खतरा बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायतों और हादसों के बावजूद न तो वाहनों की गति पर नियंत्रण किया गया और न ही सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए।

ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी क्षेत्र में कंपनियों से जुड़े भारी वाहनों की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन हर बार आश्वासन के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। ऐसे में अब क्षेत्रवासियों का सवाल है कि “आखिर कब तक कंपनियों के भारी वाहनों के पहियों तले आम लोगों की जान जाती रहेगी?”
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि कोयला और अन्य सामग्री ढोने वाले भारी वाहन आबादी वाले क्षेत्रों से तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि कंपनियों के वाहनों के लिए सख्त गति सीमा तय की जाए, नियमित निगरानी हो तथा दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है तथा मामले की जांच जारी है।




