300 से अधिक खिलाड़ियों ने लिया प्रशिक्षण, जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल शिविर का हुआ भव्य समापन
सक्ती। जिला स्तरीय ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर 2026-27 का सफल समापन 5 जून को सेजस सक्ती में आयोजित समारोह के साथ हुआ। 14 मई से प्रारंभ हुए इस 22 दिवसीय शिविर में जिले के 300 से अधिक बालक-बालिकाओं ने विभिन्न खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त किया।
समापन समारोह में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष अभिषेक शर्मा, जिला खेल अधिकारी हरि पटेल, जिला फुटबॉल संघ सचिव दीपक गुप्ता, जिला एथलेटिक्स संघ सचिव एन.पी. गोपाल, जिला कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष बाबूलाल सिदार तथा जिला कराते संघ अध्यक्ष स्नेहाशीष डे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शिविर में कराते, फुटबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, कबड्डी, सॉफ्टबॉल, लॉन टेनिस, एथलेटिक्स एवं बैडमिंटन जैसी विभिन्न खेल विधाओं का प्रशिक्षण विशेषज्ञ प्रशिक्षकों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले सभी खिलाड़ियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। साथ ही शिविर में सेवाएं देने वाले प्रशिक्षकों एवं विशेषज्ञों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास का भी निर्माण करते हैं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा जिले में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए ऐसे शिविरों की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
शिविर के सफल आयोजन में भोग सिंह कंवर, राजेश नायक, विनोद उरांव, खगेश भारद्वाज, बबीता गोंड, मोहन सिंह राठिया, राजकुमारी गबेल, कलेश्वरी साहू, अजय किशोर साह, किशन राट्रे एवं रामनारायण धीवर सहित अन्य खेलकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
कार्यक्रम में रामकुमार कांत, धनेश पटेल, राजकुमार अग्रवाल, सूरज सिंह राजपूत सहित बड़ी संख्या में शिक्षक एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला नेटबॉल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष चंद्र प्रकाश तिवारी ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला खेल अधिकारी हरि पटेल ने किया।




