सक्ती जिला

ग्राम करही में पुलिस सहायता केंद्र का शुभारंभ, अब ग्रामीणों को मिलेगी त्वरित पुलिस सहायता

विश्व पर्यावरण दिवस पर जनप्रतिनिधियों व पुलिस अधिकारियों ने किया वृक्षारोपण


सक्ती/बिर्रा। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर थाना बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में नवस्थापित पुलिस सहायता केंद्र परिसर में जनप्रतिनिधियों एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा बृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पुलिस सहायता केंद्र का विधिवत शुभारंभ भी किया गया।


पुलिस सहायता केंद्र का उद्घाटन विजय कुमार पाण्डेय ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर प्रफुल्ल ठाकुर एवं उमेश कुमार कश्यप विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, सरपंच, पंचगण तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।


उद्घाटन अवसर पर एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने कहा कि ग्राम करही में स्थापित यह पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में बढ़ते अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के साथ-साथ आम नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अब ग्रामीणों को छोटी-बड़ी घटनाओं की सूचना देने अथवा सहायता प्राप्त करने के लिए दूरस्थ थाना या चौकी तक नहीं जाना पड़ेगा।


उन्होंने कहा कि सहायता केंद्र के संचालन से अपराधों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित होगी तथा असामाजिक तत्वों में कानून का भय भी बढ़ेगा। केंद्र में 24 घंटे पुलिस बल की तैनाती रहेगी, जिससे आमजन को हर समय पुलिस सहायता उपलब्ध हो सकेगी।


शुभारंभ के पश्चात अधिकारियों ने पुलिस सहायता केंद्र का निरीक्षण किया और तैनात स्टाफ को आम नागरिकों के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा जनता का विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

ग्रामीणों ने पुलिस विभाग की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र की सुरक्षा एवं विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Related Articles

Back to top button