विश्व साइकिल दिवस पर निकलेगी ‘संडे ऑन साइकिल’ रैली
फिट इंडिया मूवमेंट के तहत 7 जून को सक्ती में होगा आयोजन, आमजन से सहभागिता की अपील

सक्ती। छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायपुर के निर्देशानुसार तथा जिला प्रशासन एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग सक्ती के संयुक्त तत्वावधान में विश्व साइकिल दिवस 2026 के अवसर पर 7 जून, रविवार को जिला मुख्यालय सक्ती में “संडे ऑन साइकिल” अभियान के तहत साइकिल रैली का आयोजन किया जाएगा।
फिट इंडिया मूवमेंट के अंतर्गत आयोजित इस अभियान का उद्देश्य आमजन में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं नियमित शारीरिक गतिविधियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। खेल एवं फिटनेस गतिविधियों में जनभागीदारी बढ़ाने के लिए आयोजित यह रैली सुबह 7:30 बजे से सेजेस स्कूल सक्ती से प्रारंभ होगी।
साइकिल रैली गौरव पथ, बुधवारी बाजार, राजापारा चौक एवं शनि मंदिर मार्ग से होकर पुनः सेजेस स्कूल सक्ती पहुंचकर संपन्न होगी। आयोजन में विद्यालय एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राएं, विभिन्न खेल संघों के खिलाड़ी एवं पदाधिकारी सहित सभी आयु वर्ग के नागरिक भाग ले सकेंगे।
खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने जिले के सभी खेल संघों के अध्यक्ष एवं सचिवों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों तथा प्रधान पाठकों से आग्रह किया है कि वे अपने-अपने संस्थानों के खिलाड़ियों एवं विद्यार्थियों को कार्यक्रम की जानकारी देकर अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने भी नागरिकों से अपील की है कि वे स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने तथा फिट इंडिया अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए साइकिल रैली में उत्साहपूर्वक भाग लें और आयोजन को सफल बनाएं।
कार्यक्रम एक नजर में
आयोजन: संडे ऑन साइकिल रैली
अवसर: विश्व साइकिल दिवस 2026
तिथि: 7 जून 2026 (रविवार)
समय: प्रातः 7:30 बजे
प्रारंभ एवं समापन स्थल: सेजेस स्कूल, सक्ती
मार्ग: गौरव पथ – बुधवारी बाजार – राजापारा चौक – शनि मंदिर मार्ग – सेजेस स्कूल
आयोजक: खेल एवं युवा कल्याण विभाग एवं जिला प्रशासन, सक्ती
“फिट रहें, स्वस्थ रहें और साइकिल चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दें” – इसी उद्देश्य के साथ जिलेवासियों को इस विशेष अभियान से जुड़ने का आह्वान किया गया है।




