सक्ती जिला

बिजली दरों में बढ़ोतरी के खिलाफ कांग्रेस का हमला, जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने का लगाया आरोप

सक्ती। प्रदेश में बिजली दरों में की गई वृद्धि को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बनने के बाद यह पांचवीं बार है जब बिजली दरों में वृद्धि की गई है। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ते बिजली बिलों से आम उपभोक्ता, किसान और मध्यम वर्ग परेशान हैं, लेकिन सरकार राहत देने के बजाय बोझ बढ़ाने का काम कर रही है। पत्रकार वार्ता में बताया गया कि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे तथा गैर घरेलू श्रेणी में 20 से 40 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। वहीं कृषि पंपों के लिए भी लगभग 40 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि हाल ही में 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार (एफपीपीएएस) लागू कर उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त भार डाला गया है।

बिजली बिलों में अनियमितता का आरोप :- 

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से कई उपभोक्ताओं को तीन से चार गुना तक अधिक बिजली बिल प्राप्त हो रहे हैं। एक ही माह में ऑनलाइन और ऑफलाइन अलग-अलग बिल भेजे जा रहे हैं तथा उपभोक्ताओं की सहमति के बिना अनुबंध भार बढ़ाने जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं। स्मार्ट मीटर के जरिए अधिक खपत दिखाकर अतिरिक्त शुल्क वसूले जाने का भी आरोप लगाया गया। कांग्रेस ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पांच वर्षों के दौरान बिजली दरों में सीमित वृद्धि की गई थी और 400 यूनिट तक आधा बिजली बिल योजना लागू थी। आरोप लगाया गया कि इस योजना को बंद करने के बाद लगातार बिजली दरें बढ़ाकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से प्रभारी एवं पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्रीमती रश्मि गभेल, बलराम प्रसाद पाण्डेय, राकेश राठौर, घनश्याम देवांगन, संतोष सोनी, श्याम कुमार केवट, प्यारेलाल सिदार, कुसुम यादव, रामप्रसाद यादव, पवन साहू, पिंटू ठाकुर, सोनू तंबोली, सन्नी यादव, पुरुषोत्तम साहू, गिरधर जायसवाल, घनश्याम राठौर, कृष्णा रात्रे, देवानंद जायसवाल, नवधा मौरे, भानुप्रताप गबेल सहित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

Related Articles

Back to top button