बिना लाइसेंस साहूकारी करने और वाहन खड़ा करने पर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार

सक्ती। बिना लाइसेंस साहूकारी करने तथा उधारी की रकम वापस नहीं करने पर वाहन खड़ा कर नुकसान पहुंचाने की धमकी देने के मामले में सक्ती पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 21 मोटरसाइकिल और एक ट्रैक्टर जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने आरोपी करन यादव से 20 हजार रुपये उधार लिए थे। रकम वापस नहीं कर पाने पर आरोपी द्वारा उसके मोटरसाइकिल को खड़ा करने के लिए कहा गया। वाहन खड़ा नहीं करने पर उसे नुकसान पहुंचाने की धमकी दी जा रही थी। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध छत्तीसगढ़ साहूकारी अधिनियम की धारा 11(एफ) तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(3) के तहत मामला दर्ज किया।
21 मोटरसाइकिल और ट्रैक्टर जब्त
पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस सक्ती सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रपुर जितेन्द्र कौशले के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान आरोपी करन यादव, पिता गंगाराम यादव, उम्र 28 वर्ष, निवासी चंद्रपुर को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से 21 मोटरसाइकिल एवं एक ट्रैक्टर जब्त किया गया।
पुलिस की कार्रवाई में निरीक्षक तेजेन्द्र कुमार सिन्हा, सहायक उपनिरीक्षक रामकुमार रात्रे, आरक्षक राधेश्याम बरेठ, खिलेश्वर साहू एवं महेन्द्र राठौर की सराहनीय भूमिका रही।



